कांग्रेस सिर्फ पार्टी नहीं, बल्कि देश के लोगों के सपनों का माध्यम है, कांग्रेस महाधिवेशन में बोलीं सोनिया गांधी

प्लेनरी सेशन को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि सरकार और आरएसएस ने सभी स्वायत्त एजेंसियों पर कब्जा कर लिया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि पीएम देश के लिए नहीं अपने मित्रों के लिए सत्ता चला रहे हैं।

Updated: Feb 25, 2023, 07:45 AM IST

रायपुर। कांग्रेस महाधिवेशन के दूसरे दिन पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। प्लेनरी को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ पार्टी नहीं, बल्कि देश के लोगों के सपनों का माध्यम है।हमारी पार्टी ने इस देश में लोकतंत्र को मजबूत किया है।

सोनिया गांधी ने कहा, "देश और कांग्रेस के लिए चुनौती भरा समय है। हम लोगों की आवाज को आगे बढ़ाते हैं। हम लोगों के सपने पूरे करते हैं। हमारा रास्ता आसान नहीं है लेकिन हम जरूर जीतेंगे। हमें मौजूदा सरकार और शासन से साहस और जोश के साथ लड़ना चाहिए और हमें अपनी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं को अलग रखना चाहिए।"

सोनिया गांधी ने इस दौरान बीजेपी पर हमला करते हुए कहा, "केंद्र सरकार और आरएसएस ने सभी स्वायत्त एजेंसियों पर कब्जा कर लिया है। पीएम देश के लिए नहीं अपने मित्रों के लिए सत्ता चला रहे हैं। कांग्रेस ने मनमोहन सिंह के नेतृत्व में देश को एक अच्छी सरकार दी थी।"

यह भी पढ़ें: आखिरी सांस तक कांग्रेस के मूल्यों की रक्षा करूंगा, महाधिवेशन में बोले मल्लिकार्जुन खड़गे

सोनिया गांधी ने अपने संबोधन में भारत जोड़ो यात्रा की तारिफ करते हुए कहा कि, "मैं सभी कार्यकर्तओं का धन्यवाद देना चाहती हूं, जिन्होंने काफी मेहनत किया और इस यात्रा को सफल बनाया। मैं राहुल गांधी को धन्यवाद देना चाहती हूं, जिनके नेतृत्व में यात्रा सफल रही। भारत जोड़ो यात्रा ने दिखाया कि कांग्रेस हमेशा लोगों के साथ खड़ी है और उनकी हक की लड़ाई लड़ते रहेगी।"

इस दौरान छत्तीसगढ़ की एआईसीसी प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि सोनिया गांधी का समर्पण, दृढ़ संकल्प, अनुशासन, अडिग प्रेरणादायक रहा है। पहले इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या इन जैसी सबसे गंभीर त्रास्दी झेलने के बावजूद सोनिया गांधी ने ऐसे समय अध्यक्ष पद का ग्रहण किया था। जब पार्टी का राजनीतिक सितारा कमजोर था, पर सोनिया गांधी ने अपने नेतृव में अपनी पार्टी को दो बार शानदार जीत दिलाई।  2004 और 2009 में ऐतिहासिक चुनावी जीत दिलाई। सोनाया गांधी की नेतृत्व शैली हर किसी को विश्वास दिलाने की रही है।