कांग्रेस का 85वां महाधिवेशन: रायपुर पहुंचे सोनिया और राहुल गांधी, सीएम बघेल ने किया आत्मीय स्वागत

कांग्रेस के तीन दिवसीय महाधिवेशन का आगाज शुक्रवार सुबह स्टीयरिंग कमेटी की बैठक के साथ हुआ, बैठक में सर्वसम्मति से CWC चुनाव नहीं कराने का निर्णय लिया गया।

Updated: Feb 24, 2023, 12:58 PM IST

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस के तीन दिवसीय महाधिवेशन का आगाज हो चुका है। देशभर से कांग्रेस दिग्गज इस अधिवेशन में शामिल होने रायपुर पहुंचे हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी भी रायपुर पहुंच गए हैं। दोपहर करीब ढाई बजे एयरपोर्ट पर कांग्रेस के तीनों मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, अशोक गहलोत और सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोनिया और राहुल गांधी का आत्मीय स्वागत किया।

शुक्रवार को अधिवेशन की शुरुआत स्टीयरिंग कमेटी की बैठक के साथ हुई। बैठक में सीडब्ल्यूसी चुनाव नहीं कराने का निर्णय लिया गया है। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने इस बात की जानकारी दी। जयराम रमेश ने बताया कि स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में सभी सदस्यों ने अपनी बात रखी। इस दौरान सर्वसम्मति से स्टीयरिंग कमेटी ने यह तय किया है कि कांग्रेस अध्यक्ष को CWC के सदस्यों को नॉमिनेट करने का अधिकार दिया जाए।

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, अभिषेक मनु सिंघवी और अजय माकन CWC का चुनाव चाहते थे। पार्टी के अन्य नेताओं ने भी उनकी बातों से सहमति जताई। हालांकि, अधिकांश नेताओं ने कहा कि चुनाव होने चाहिए पर ये सही वक़्त नहीं है। ये वक़्त एकजुट होकर बीजेपी से टकराने का है। दिग्विजय सिंह, अभिषेक मनु सिंघवी और अजय माकन भी इस बात से सहमत दिखे। ऐसे में सर्वसम्मत्ति से CWC के सदस्यों को नॉमिनेट करने का अधिकार कांग्रेस अध्यक्ष को दिया गया।

जयराम रमेश ने बताया कि आज शाम 4.30 बजे सब्जेक्ट कमेटी की बैठक होने वाली है। जो 6 प्रस्ताव तैयार किए गए हैं उस पर विचार होगा। उसे मंजूरी दी जाएगी। कल और परसों उन प्रस्तावों पर प्लेनरी में चर्चा होगी। जयराम रमेश ने आगे की कार्ययोजना को लेकर कहा कि कल सुबह साढ़े 10 बजे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे प्लेनरी को संबोधित करेंगे। उसके बाद पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी प्लेनरी को संबोधित करेंगी।

जयराम रमेश ने आगे बताया कि कल लंच ब्रेक नहीं होगा और दोपहर एक बजे चर्चा के लिए तीन प्रस्ताव लिए जाएंगे। इसमें राजनीतिक प्रस्ताव, आर्थिक प्रस्ताव और इंटरनेशनल अफेयर्स से जुड़े हुए प्रस्ताव लिए जाएंगे। दोपहर एक बजे से लेकर शाम सात बजे तक इन प्रस्तावों पर चर्चा होगा। इसके अगले दिन यानी 26 फरवरी को साढ़े 9 बजे फिर से प्लेनरी में तीन प्रस्तावों पर बातचीत शुरू होगी। इसमें कृषि, किसान कल्याण, युवा रोजगार और शिक्षा तथा सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण शामिल है। सुबह साढ़े 10 बजे पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी प्लेनरी को संबोधित करेंगे और उसके बाद प्रस्तावों पर चर्चा होती।

जयराम रमेश ने बताया कि रविवार को प्लेनरी सेशन में दोपहर दो बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का अंतिम भाषण होगा। वहीं दोपहर तीन बजे कांग्रेस का रैली होगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल उस रैली को संबोधित करेंगे। बताते चलें कि इस साल के अंत तक छत्तीसगढ़ सहित 9 राज्यों में विधानसभा चुनाव हैं। अगले साल लोकसभा चुनाव भी होने हैं। ऐसे में कांग्रेस के इस महा अधिवेशन को कई मायनों में बेहद अहम माना जा रहा है।