बिलासपुर में टीकाकरण का दूसरा चरण शुरू, पुलिस, नगर निगम समेत फ्रंटलाइन वर्कर्स को लगेगा टीका

Chhattisgarh: बिलासपुर में फ्रंटलाइन वर्कर्स का वैक्सीनेशन शुरू, पुलिस, नगर निगम, राजस्व विभाग के कर्मचारियों को लगाया जा रहा कोरोना का टीका

Updated: Feb 09, 2021, 06:14 AM IST

Photo courtesy: STAT
Photo courtesy: STAT

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में फ्रंट लाइन वर्कर्स का कोरोना वैक्सीनेशन शुरु हो गया है। यहां पुलिस, नगर निगम और राजस्व विभाग के कुल 9025 कर्मचारियों को वैक्सीन की पहली डोज देने का काम आज सुबह 9 बजे से शुरू हुआ। इनमें करीब 3689 पुलिसकर्मी, 4298 नगर निगम के कर्मचारी और 1028 रेवैन्यू विभाग के कर्मचारी शामिल हैं। जिले में कोरोना टीकाकरण के लिए 19 वैक्सीनेशन सेंटर बनाए गए हैं। कर्मचारियों को SMS के जरिए टीका लगवाने की सूचना दी जा रही है। फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाने का काम 15 फरवरी तक चलेगा। रोजाना 300 से 400 कर्मचारियों के वैक्सीनेशन का टारगेट रखा गया है।

पुलिस और जेल कर्मियों को पुलिस अस्पताल रक्षित केंद्र में टीका लगेगा। टाउन हॉल में नगर निगम के कर्मचारियों के लिए वैक्सीन लगाने का इंतजाम किया गया है। वहीं अन्य कर्मचारियों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोरोना का टीका लगेगा। वहीं वैक्सीनेशन के पहले चरण में हेल्थ विभाग के करीब 18500 कर्मचारियों को टीका लग चुका है। हेल्थ वर्कर्स को कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज देने का काम 16 फरवरी से होगा। दरअसल कोरोना टीके की दो डोज दी जाती है।

हेल्थ वर्कर्स के वैक्सीनेशन का काम भी हो रहा है, कई स्वास्थ्य कर्मियों ने डर और शंका की वजह से वैक्सीन लगवाने से इनकार कर दिया। बिलासपुर में स्वास्थ्यकर्मियों के टीका लगवाने से इनकार करने वालों को दूसरा मौका दिया गया है। जिला टीकाकरण अधिकारी डाक्टर मनोज सैम्युअल ने कर्मचारियों पर सख्ती करते हुए कहा है कि अगर इस चरण में कर्मचारी टीका नहीं लगवाते उन्हें बाद में टीका नहीं लगाया जाएगा।

सरकार की तरफ से जिला टीकाकरण अधिकारी कई बार लोगों से अपील कर चुके हैं कि कोरोना वैक्सीन पूरी तरह सेफ है। बिलासपुर जिले में अब तक 18320 स्वास्थ्य कर्मियों में से 13589 कर्मचारियों ने टीका लगवा लिया है।वही बीते 24 घंटों मे छत्तीसगढ़ में कोरोना के 265 नए मरीज़ों मिले हैं। 362 मरीज़ों को ठीक होने पर घर भेज दिया गया है, एक्टिव मरीज़ों की संख्या 4,190 है।