फर्जी खबर और वसूली के आरोप में दो पत्रकार गिरफ्तार, कांग्रेस विधायकों की शिकायत पर कार्रवाई

वेब पोर्टल के संचालक और एडीटर पर लगा स्टिंग ऑपरेशन के नाम पर वसूली का आरोप, विधायकों की सीएम भूपेश बघेल के खिलाफ बातचीत का भ्रामक ऑडियो किया था प्रसारित

Updated: Oct 26, 2021, 12:49 PM IST

Photo Courtesy: Bhaskar
Photo Courtesy: Bhaskar

रायपुर। पुलिस ने दो पत्रकारों को भ्रामक और तथ्यहीन खबरों के प्रसारण और जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया है। इन दोनों पत्रकारों पर भ्रामक खबरें छापने और धौंस दिखाकर कई लोगों से अवैध वसूली का आऱोप है। हाल ही में कई कांग्रेस विधायकों ने इस वेब पोर्टल संचालक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसने फर्जी स्टिंग ऑपरेशन की धौंस दिखाकर उनसे पैसों की मांग की थी। कांग्रेस विधायकों ने इसकी शिकायत रायपुर के सिविल लाइन थाना पुलिस को दर्ज करवाई थी।

रविवार को सिविल लाइन थाने में विधायक बृहस्पति सिंह, विधायक कुलदीप जुनेजा समेत कई कांग्रेस नेता पहुंचे थे। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सिविल लाइन थाना पुलिस वेब पोर्टल के डॉयरेक्टर मधुकर दुबे और एडीटर अवनीश से पूछताछ में जुटी है। इस विवादित वेब पोर्टल का नाम जीरो पार्टी है। इसमें कथित स्टिंग ऑपरेशन से जुड़ा आडियो चलाया जा रहा था।

इस पोर्टल पर जो खबर चलाई जा रही थी उसमें दावा किया जा रहा था कि कांग्रेस विधायक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ बातचीत कर रहे है। जिसे कांग्रेस विधायकों ने आधारहीन बताया है। दरअसल विधायक बृहस्पति सिंह सीएम भूपेश बघेल के नजदीकी माने जाते हैं। अब पुलिस ने भी एक्शन ले लिया। फिलहाल, दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है।