आओगे जब तुम साजना... गीत को आवाज देने वाले संगीत सम्राट उस्ताद राशिद खान का निधन

मशहूर संगीत सम्राट उस्ताद राशिद खान का मंगलवार को 55 साल की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से प्रोस्टेट कैंसर से जूझ रहे थे।

Updated: Jan 09, 2024, 06:11 PM IST

देश के जाने माने शास्त्रीय गायक राशिद खान का आज निधन हो गया। 55 वर्षीय राशिद खान ने मंगलवार दोपहर 3:45 बजे अस्पताल में आखिरी सांस ली। उनका इलाज कोलकाता के SSKM अस्पताल में 22 नवंबर से चल रहा था। काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने "आओगे जब तुम ओ साजना, अंगना फूल खिलेंगे" जैसे मशहूर गीत को आवाज दी थी।

उस्ताद राशिद खान प्रोस्टेट कैंसर से जूझ रहे थे, वह वेंटिलेटर और ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे। डॉक्टर्स की तमाम कोशिशों के बावजूद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। पिछले महीने सेरेब्रल अटैक आने के बाद उस्ताद राशिद खान की तबीयत बहुत ज्यादा बिगड़ गई थी। उन्होंने शुरुआत में टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल में इलाज कराया। फिर बाद में उन्होंने कोलकाता के एक हॉस्पिटल में अपना इलाज जारी रखने का विकल्प चुना।

राशिद खान के निधन ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री स्तब्ध है। इस खबर ने उनके प्रशंसकों को भी चौंका दिया है। बंगाल CM ममता बनर्जी ने सिंगर के निधन पर शोक जताते हुए कहा- यह पूरे देश और पूरे संगीत जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। मैं बहुत दर्द में हूं क्योंकि मुझे अभी भी विश्वास नहीं हो रहा है कि राशिद खान अब नहीं रहे।

उत्तर प्रदेश के बदायूं में जन्मे राशिद खान उस्ताद गुलाम मुस्तफा खान के भतीजे थे। उन्होंने अपना शुरुआती ट्रेनिंग नाना उस्ताद निसार हुसैन खान से लिया था। 11 सास की उम्र में उन्होंने पहली मंचीय प्रस्तुति दी थी। राशिद खान ने शाहिद कपूर और करीना कपूर की फिल्म 'जब वी मेट' के लिए' आओगे जब तुम' बंदिश को अपनी आवाज से सजाया था, जो काफी पॉपुलर हुई थी। इसके अलावा 'माय नेम इज खान', 'राज 3', 'मंटो' और 'शादी में जरूर आना' जैसी फिल्मों में अपनी गायकी का जादू बिखेरा था।

राशिद खान को साल 2006 में 'पद्म श्री' और 'संगीत नाटक अकादमी अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया था। वहीं उन्हें 2022 में भारत सरकार द्वारा 'पद्म भूषण' पुरस्कार से भी नवाजा गया था।