MP: उद्यानिकी फसलों का बीमा अब तीन सालों के लिए

Shivraj Singh Cabinet : स्वतंत्रता दिवस समारोह केवल भोपाल में, नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी जाँच नहीं सीधे बर्खास्त

Publish: Jul 23, 2020, 04:25 AM IST

photo courtesy : dayafterindia.com
photo courtesy : dayafterindia.com

भोपाल। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के दायरे में आने वाली उद्यानिकी फसलों का बीमा अब एक की जगह तीन साल के लिए होगा। प्याज एवं लहसुन की फसल भी बीमा के दायरे में लाई गई है।अब भू अभिलेख निर्माण द्वारा गांव में किसानों की जमीन का सर्वे किया जाएगा। इस वजह से किसान अब गांव में मकानों पर लोन ले सकेंगे।

यह निर्णय मध्य प्रदेश कैबिनेट बैठक में लिया गया।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई बैठक में कोरोना योद्धाओं, प्रवासी मज़दूरों, किसानों तथा आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश को लेकर अहम चर्चा हुई है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में प्रवासी मज़दूरों के लिए एक आयोग गठित किया जाएगा। यह आयोग मज़दूरों के रोज़गार सृजन के सम्बन्ध में कार्य करेगा। आयोग में एक अध्यक्ष  के साथ दो अन्य सदस्य भी शामिल होंगे।

स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह केवल भोपाल में 

बैठक में स्वतंत्रता दिवस को लेकर महत्वपूर्ण फैसला किया गया है। स्वतंत्रता दिवस समारोह केवल भोपाल में किए जाने का निर्णय लिया गया है।इस अवसर पर कोई सार्वजानिक समारोह आयोजित नहीं होगा। हालांकि जिला स्तर पर कलेक्टर और एसपी झंडावंदन कर सकेंगे।

कोरोना शहीद पुलिसकर्मियों के रिश्तेदार को अनुकम्पा पर नौकरी 
राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि राज्य सरकार ने कोरोना के दौरान ड्यूटी पर शहीद हुए दो पुलिसकर्मियों के रिश्तेदार को अनुकम्पा पर नौकरी देने का निर्णय लिया है। उज्जैन के टीआई यशवंत पाल की बेटी फाल्गुनी पाल और इंदौर के निरीक्षक देवेंद्र चंद्रवंशी की पत्नी उमा चंद्रवंशी को पुलिस उप निरीक्षक के पद पर अनुकम्पा नियुक्ति के प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी गई है।

कोरोना योद्धाओं को मिलेगी सहायता 
शिवराज कैबिनेट ने बैठक में कोरोना योद्धाओं तक सहायता पहुंचाने का निर्णय लिया है। राज्य सरकार ने कोरोना काल में शासकीय कर्मचारी की मृत्यु हो जाने पर 50 लाख रुपए की सहायता राशि पहुंचाने का निर्णय लिया है। गृह मंत्री ने बतया कि सरकार की कोविड कल्याण योजना के अंतर्गत मृत कर्मचारी के परिवार को यह आर्थिक सहयता दी जाएगी। नरोत्तम मिश्रा ने दावा किया कि अब तक कुल 20 कर्मचारियों के परिवार को 10 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता पहुंचाई जा चुकी है।

सफाई कर्मचारियों की बीमा राशि बढ़ी 
राज्य सरकार ने दीन दयाल शहरी आजीविका के तहत सफाई कर्मचारियों की बीमा राशि दोगुनी कर दी है।सफाईकर्मी की सामान्य मृत्यु होने पर परिजनों को अब एक लाख रुपए की सहायता मिलेगी। पहले यह राशि 50 हज़ार थी। इसके साथ ही दुर्घटना में मृत्यु हो जाने पर एक लाख के बनिस्बत अब दो लाख रुपए की सहायता प्रदान की जाएगी।

औद्योगिक नीति में बदलाव 
राज्य सरकार ने अपनी औद्योगिक नीति में बदलाव करते हुए अब 25 करोड़ रुपए तक की औद्योगिक इकाई को मेगा इकाई का दर्जा देने का निर्णय लिया है।ज्ञात हो कि इससे पहले 100 करोड़ रुपए तक की पूँजी वाले उद्योग को ही मेगा इकाई का दर्जा मिलता था। ख़ास बात यह है कि सरकार ने इस नीति में बुनकर आयोग को भी सहगामील किया है। 

दुष्कर्म का आरोपी पंकज जैन बर्खास्त, नहीं होगी विभागीय जांच 
कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री ने उज्जैन में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के आरोपी पंकज जैन को बर्खास्त करने के आदेश दिए हैं। पंकज जैन के खिलाफ विभागीय जांच भी नहीं की जाएगी। दरअसल पंकज जैन उज्जैन में एक्साइज विभाग के सब इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ था।मंगलवार को उसे नवबालिग लड़की के साथ उज्जैन के मधुबन होटल में दुष्कर्म करते पुलिस ने पकड़ा था।लड़की का आरोप है कि पंकज जैन पिछले दस महीने से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था।