रैपर से नेपाल के PM बने 35 वर्षीय बालेन शाह, रामनवमी पर 47वें प्रधानमंत्री के रूप में ली शपथ

काठमांडू के पूर्व मेयर और रैपर बालेन शाह ने नेपाल के 47वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। 5 मार्च को हुए चुनावों में उनकी पार्टी RSP 182 सीटों के साथ सबसे बड़ी शक्ति बनी है।

Updated: Mar 27, 2026, 03:08 PM IST

काठमांडू के पूर्व मेयर और मशहूर रैपर बालेन शाह शुक्रवार (27 मार्च) को नेपाल के 47वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। संविधान की धारा 76(1) के तहत यह नियुक्ति की गई है। इस समारोह में उपराष्ट्रपति राम सहाय प्रसाद यादव, मुख्य न्यायाधीश प्रकाश मान सिंह राउत और पूर्व प्रधानमंत्रियों समेत कई दिग्गज मौजूद रहे। बालेन अब हिमालयी देश की कमान संभालने वाले सबसे युवा नेताओं में से एक बन गए हैं।

35 साल के बालेन शाह का राजनीति में आना किसी फिल्मी कहानी जैसा है। पेशे से स्ट्रक्चरल इंजीनियर और अंडरग्राउंड रैप सीन का जाना-माना नाम रहे बालेन ने 2022 में निर्दलीय चुनाव लड़कर काठमांडू के मेयर पद पर कब्जा किया था। उस वक्त उन्होंने ‘वॉकिंग स्टिक’ (छड़ी) चुनाव चिह्न पर लड़ते हुए 61,767 वोट हासिल किए थे। उन्होंने नेपाली कांग्रेस की सिर्जना सिंह (38,341 वोट) और CPN-UML के कद्दावर नेता केशव स्थापित (38,117 वोट) को भारी अंतर से हराया था।

प्रधानमंत्री बनने से पहले गुरुवार (26 मार्च) को बालेन ने प्रतिनिधि सभा (HoR) के सदस्य के रूप में शपथ ली थी। सितंबर 2025 में ‘जेन-जी’ (Gen-Z) युवाओं के बड़े विरोध प्रदर्शनों के बाद पिछली संसद को भंग कर दिया गया था। इसके बाद 5 मार्च 2026 को हुए चुनावों के बाद नई संसद की पहली बैठक गुरुवार को हुई। वरिष्ठ सांसद अर्जुन नरसिंह केसी ने नए सांसदों को शपथ दिलाई। यह कार्यक्रम सिंह दरबार में निर्माणाधीन मल्टीपर्पस हॉल में आयोजित किया गया।

निर्वाचन आयोग द्वारा 16 मार्च को घोषित आंकड़ों के अनुसार, इस बार बालेन शाह की ‘राष्ट्रिय स्वतंत्र पार्टी’ (RSP) सबसे बड़ी शक्ति बनकर उभरी है। 275 सदस्यों वाली प्रतिनिधि सभा में RSP ने कुल 182 सीटें जीती हैं। बता दें कि बालेन शाह मई 2022 में जब पहली बार नेपाल की राजधानी काठमांडू के मेयर बने तो यह सबके लिए चौंकाने वाला था। बालेन शाह लोकप्रिय रैपर थे और जब उन्होंने काठमांडू के मेयर चुनाव में ख़ुद को उतारा तभी से उनके नाम चर्चा में आया।

बालेन शाह का जन्म काठमांडू के गैर गाउन में 1990 में हुआ था। बालेन के पिता राम नारायण शाह आयुर्वेद के डॉक्टर हैं और इनकी माँ का नाम ध्रुवदेवी शाह है। नेपाल के अख़बार माई रिपबल्किा के अनुसार, बालेन बचपन से संगीत प्रेमी थे और टोपियों के शौकीन थे। इनकी पहचान स्ट्रक्चरल इंजीनियर, रैपर, एक्टर, म्यूजिक प्रॉड्यूसर, गीतकार और एक कवि की रही है। पिछले साल सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के ख़िलाफ़ शुरू हुए प्रदर्शनों के दौरान युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता और बढ़ गई। इन प्रदर्शनों में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और आर्थिक ठहराव को लेकर भी गुस्सा था।