नेपाल में सियासी भूचाल, बालेन शाह के पद संभालते ही पूर्व पीएम ओली गिरफ्तार, पूर्व गृह मंत्री को भी पकड़ा गया

नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली गिरफ्तार हो गए हैं। इसके अलावा पूर्व गृह मंत्री को भी गिरफ्तार किया गया है। जेन-जी आंदोलन से जुड़े मामलों में ये गिरफ्तारी हुई है।

Updated: Mar 28, 2026, 11:34 AM IST

काठमांडू। नेपाल में बालेन शाह प्रधानमंत्री बनते ही एक्शन मोड में आ गए हैं। जेनजी आंदोलन के दौरान लापरवाही बरतने के मामले में गिरफ्तारियां शुरू हो गई हैं। नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को गुंडू से गिरफ्तार किया गया है। पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को गिरफ्तार किया गया है। इन लोगों पर उच्च पदों पर रहते हुए भी आंदोलन के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप है।

केपी शर्मा ओली को सुबह 3 से 4 बजे के बीच गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी पर केपी शर्मा ओली ने कहा कि उनको प्रतिशोधपूर्ण तरीके से गिरफ्तार किया गया है, वह कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। पीएम बालेंन शाह की अध्यक्षता में नवगठित सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में शुक्रवार को पिछले साल सितंबर में हुए जेनरेशन जेड आंदोलन की उच्च स्तरीय जांच आयोग की रिपोर्ट को तुरंत लागू करने का फैसला लिया गया।

बैठक में विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री सस्मित पोखरेल को अपना प्रवक्ता नियुक्त करने का भी निर्णय लिया गया है। कैबिनेट बैठक के बाद, प्रवक्ता पोखरेल ने मीडियाकर्मियों को सूचित किया कि कैबिनेट ने पिछले साल के जेनरेशन जेड आंदोलन से संबंधित जांच आयोग की रिपोर्ट को तुरंत लागू करने का फैसला किया है। जांच आयोग ने तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और गृह मंत्री रमेश लेखक सहित अधिकारियों को उच्च पदों पर रहते हुए भी आंदोलन के दौरान लापरवाही बरतने के लिए अधिकतम 10 साल की कैद की सिफारिश की है।

नेपाल में 8 सितंबर को सोशल मीडिया बैन और भ्रष्टाचार के खिलाफ GenZ का प्रदर्शन शुरू हुआ, जो हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों ने सरकारी ऑफिस सिंह दरबार को आग के हवाले कर दिया था। यहां PM ऑफिस भी था। हालात बिगड़ने पर काठमांडू समेत कई शहरों में कर्फ्यू लगाया गया, संसद ठप हो गई और प्रधानमंत्री ओली को इस्तीफा देना पड़ा। इस्तीफे के बाद ओली को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया। वहीं, गुस्साए Gen- Z ने पूर्व पीएम समेत कई मंत्रियों को पीटा था।