रूस कभी यूक्रेन को नहीं जीत सकता, पुतिन के बयान पर बाइडेन का पलटवार

पुतिन ने मंगलवार को अपने संबोधन में कहा था कि दुनिया कान खोलकर सुन ले, रूस को जंग के मैदान में हराना नामुमकिन है। अब बाइडेन ने कहा है रूस कभी यूक्रेन से जीत नहीं सकता।

Updated: Feb 22, 2023, 03:39 AM IST

मॉस्को/वारसा। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने यूक्रेन जंग पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बयानों का सख्त लहजे में जवाब दिया। पौलेंड में मंगलवार देर रात बाइडेन ने कहा कि अमेरिका और नाटो यूक्रेन के साथ खड़े थे और हमेशा खड़े रहेंगे। बाइडेन ने आरोप लगाया कि यूक्रेन में रूसी फौज ने जुल्म किया है। महिलाओं से रेप को हथियार की तरह इस्तेमाल किया। उन्होंने रूसी राष्ट्रपति का नाम लेकर कहा कि याद रखें कि वो यूक्रेन को कभी नहीं जीत पाएंगे।

बाइडेन ने कहा, "पुतिन कहते हैं कि हम रूस को कंट्रोल करना चाहते हैं। मैं आज रूस के लोगों को यही बताना चाहता हूं कि अमेरिका या यूरोप के लोग रूस को तबाह नहीं करना चाहते। रूस ने यूक्रेन के बच्चों का भविष्य छीन लिया। ट्रेन, स्कूल, हॉस्पिटल और अनाथालय पर बम बरसाए गए। इन चीजों को कैसे नजरअंदाज किया जाए। यूक्रेन के लोग भी खास हैं और मैं दावे से कह सकता हूं कि रूस कभी यूक्रेन को नहीं जीत सकता।"

यह भी पढ़ें: दुनिया कान खोलकर सुन ले... रूस को जंग के मैदान में हराना नामुमकिन है, पुतिन ने पश्चिमी देशों को दी चेतावनी

बाइडेन ने आगे कहा, "इस बात में कोई शक नहीं होना चाहिए कि अमेरिका हर हाल और हर वक्त यूक्रेन के साथ खड़ा है। पुतिन को यह याद रखना होगा कि नाटो में बंटवारा मुमकिन नहीं है। हम बिना रुके और बिना थके यूक्रेन की मदद करते रहेंगे। हम लोकतंत्र के लिए खड़े हुए हैं। हम संप्रभुता के लिए खड़े हुए हैं। यूक्रेन के लोगों के लिए खड़े हैं। हम जेलेंस्की और कीव के लिए खड़े हुए हैं, फिर चाहे कुछ भी हो जाए।'

बता दें कि इससे पहले रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने मंगलवार दोपहर संसद को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने कहा कि दुनिया ये कान खोलकर सुन ले कि रूस को जंग के मैदान में हराना नामुमकिन है। पुतिन पश्चिमी देशों पर हमलावर दिखे। पुतिन ने कहा, "वेस्ट की हरकतों की वजह से हमें यूक्रेन पर हमला करना पड़ा। अपनी हिफाजत के लिए, यूक्रेन पर अटैक जरूरी था। डोनबास के लोगों ने तो रूस सरकार से मदद मांगी थी। जिस तरह इन ताकतों ने यूगोस्लोवाकिया, इराक, लीबिया और सीरिया को तबाह किया, वही ये यूक्रेन के साथ भी करना चाहते हैं। ये ध्यान रखना चाहिए कि रूस अपनी इज्जत से समझौता नहीं करेगा।"