यूक्रेन के मिसाइल अटैक के बाद रुसी युद्धपोत मोस्कवा काला सागर में डूबा 

रूस के काला सागर में तैनात बेड़े का प्रमुख युद्धपोत था मोस्कवा, पेंटागन ने इसे रूस के लिए बड़ा झटका बताया, रूस-यूक्रेन जंग के और भड़कने की आशंका 

Publish: Apr 15, 2022, 03:52 AM IST

नई दिल्ली। 
काला सागर में रूस के बेड़े का प्रमुख युद्धपोत  मोस्कवा डूब गया। गुरुवार को यूक्रेन ने अपने 2 एंटीशिप मिसाइल नेप्चून से मोस्कवा पर अटैक का दावा किया था। हालाँकि रूस ने युद्धपोत पर मिसाइल अटैक से इंकार किया था। रूस की ओर से कहा गया था कि मोस्कवा युद्धपोत पर गोला बारूद में विस्फोट होने से आग लग गई है। अब रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि गोला बारूद में विस्फोट से युद्धपोत का संतुलन बिगड़ गया और उसे बंदरगाह तक ले जाने के दौरान मोस्कवा युद्धपोत काला सागर में डूब गया। 

इस घटना के सामने आने के बाद वाशिंगटन में, पेंटागन के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि वह इस बात की पुष्टि नहीं कर सकते कि युद्धपोत मिसाइल अटैक से क्षतिग्रस्त हुआ या उसमे विस्फोट हुआ था लेकिन इतना जरूर है कि मोस्कवा युद्धपोत के डूबने से रूस के काला सागर फ्लीट को बड़ा झटका लगा है। 

दरअसल रूस यूक्रेन युद्ध के शुरुआती दिनों में स्नैक आइलैंड पर मोस्कवा युद्धपोत से कई मिसाइल दागी गई थीं। इसके बाद से ही ये युद्धपोत यूक्रेन के निशाने पर था। मौका मिलते ही यूक्रेन की सेना ने 2 एंटीशिप मिसाइल नेप्चून से मोस्कवा पर हमला कर उसे तबाह कर दिया। मोस्कवा युद्धपोत की तबाही के बाद कीव में बहुत दिनों बाद हमले का सायरन बजा है। यूक्रेन को आशंका है कि रूस इस हमले का जरूर उसे जवाब देगा। इससे आने वाले दिनों में रूस-यूक्रेन के बीच जारी जंग की आग और भड़क सकती है।