जहाज जब्त करना समुद्री डकैती, सुरक्षा परिषद एक्शन ले, ईरान ने UNSC में की अमेरिका की शिकायत

ईरान का आरोप है कि अमेरिका की यह कार्रवाई संयुक्त राष्ट्र चार्टर, अंतरराष्ट्रीय कानून और समुद्र से जुड़े कानूनों का उल्लंघन करती है।

Updated: Apr 29, 2026, 03:28 PM IST

तेहरान। ईरान ने अमेरिका के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र में शिकायत की है। तेहरान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक चिट्ठी में ईरान ने अमेरिका पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। ईरान का कहना है कि अमेरिका ने उसके जहाजों को जब्त करके ‘समुद्री डकैती’ की है।

संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत अमीर सईद इरावानी ने कहा कि अमेरिका ने ‘मैजेस्टिक’ और ‘टिफनी’ नाम के जहाजों को कब्जे में लिया और लगभग 38 लाख बैरल ईरानी तेल भी जब्त कर लिया। उनके मुताबिक यह कदम गैरकानूनी है और यह अंतरराष्ट्रीय व्यापार में दखल देने जैसा है।

ईरान का आरोप है कि अमेरिका की यह कार्रवाई संयुक्त राष्ट्र चार्टर, अंतरराष्ट्रीय कानून और समुद्र से जुड़े कानूनों का उल्लंघन करती है। इरावानी ने यह भी कहा कि अगर ऐसे कदमों को रोका नहीं गया, तो यह एक खतरनाक उदाहरण बन सकता है, जिससे पूरी दुनिया में कानून व्यवस्था कमजोर पड़ सकती है।

ईरान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) से मांग की है कि वह अमेरिका के इस कदम की निंदा करे और इस मुद्दे पर कार्रवाई करे। उधर, अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रम्प ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि अगर जल्द ही परमाणु कार्यक्रम पर कोई समझौता नहीं हुआ, तो अमेरिका और सख्त रुख अपनाएगा।

ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में राइफल के साथ फोटो शेयर की, जिस पर लिखा था ‘नो मोर मिस्टर नाइस गाइ’ यानी अब नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने बातचीत की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ईरान खुद को संभाल नहीं पा रहा।