हर महिला को 15 सौ रुपए महीने, 100 यूनिट बिजली मुफ्त, मध्य प्रदेश में प्रियंका गांधी की 5 गारंटी, जानें पूरी डिटेल्स

प्रियंका गांधी ने मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार को घोटालों की सरकार करार दिया है। उन्होंने कहा है कि यह सरकार 220 माह से राज्य की सत्ता पर है और इस दौरान 225 घोटाले हुए हैं, इससे साफ है कि हर माह एक घोटाला हुआ है।

Updated: Jun 12, 2023, 10:06 PM IST

जबलपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने मध्य प्रदेश के जबलपुर में कांग्रेस के चुनाव प्रचार अभियान का शंखनाद करते हुए लोगों को पांच गारंटी दी है, साथ ही राज्य में कांग्रेस की सरकार बनते ही इन्हें पूरा करने का वादा भी किया है। उन्होंने बताया कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार बनते ही पांच गारंटी पूरे किए हैं।

ये हैं पांच गारंटी
1) हर महिला को 1500रु प्रति माह
2) गैस सिलिंडर 500रु 
3) पहले 100 यूनिट बिजली बिल माफ, 200 यूनिट बिजली बिल हाफ
4) शासकीय कर्मचारियों की पुरानी पेंशन होगी बहाल।
5) किसान कर्जमाफी पुनः प्रारंभ होगी, बचे हुए किसानों का कर्जा माफ होगा।

जबलपुर के शहीद स्मारक में आयोजित जनसभा में प्रियंका गांधी ने राज्य की शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली सरकार पर जमकर हमले बोले और वर्तमान दौर की राजनीति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य में 18 साल से बीजेपी की सरकार है और उसने सिर्फ वादे और घोषणाएं करने का ही काम किया है। उन्होंने कहा कि यह शर्मनाक है कि बीते तीन साल में सिर्फ 21 लोगों को ही यह सरकार नौकरी दे सकी है।

प्रियंका गांधी ने मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार को घोटालों की सरकार करार दिया है। उन्होंने कहा है कि यह सरकार 220 माह से राज्य की सत्ता पर है और इस दौरान 225 घोटाले हुए हैं, इससे साफ है कि हर माह एक घोटाला हुआ है।

कर्नाटक के विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विरोधियां द्वारा गालियां देने का मामला उठाया था जिस पर तंज कसते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी की गाली वाली लिस्ट से मध्य प्रदेश की घोटालों की लिस्ट कहीं लंबी है, यहां नर्मदा नदी हो, महाकाल कॉरिडोर हो किसी को भी नहीं छोड़ा गया है घोटाले के मामले में।