18 वर्षों का कुशासन समाप्त होने वाला है, MP में कांग्रेस सरकार आने वाली है, वोटिंग के बीच प्रियंका गांधी का ट्वीट

मध्य प्रदेश के लोगों से प्रियंका गांधी ने अपील करते हुए कहा कि हमें इतनी ज़्यादा सीटें जिताकर विधानसभा भेजिये कि कोई हमारी-आपकी सरकार चुरा लेने या अगवा कर लेने का सपना भी न देख सके।

Updated: Nov 17, 2023, 11:08 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। वोट डालने को लेकर प्रदेश के मतदाताओं में काफी उत्साह नजर आ रहा है। सुदूर ग्रामीण इलाकों में भी पोलिंग बूथों पर लंबी कतारें लगी हुई है। इसी बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लोगों से कांग्रेस को वोट देने की अपील की है। उन्होंने यह भी कहा कि 18 वर्षों का कुशासन समाप्त होने वाला है।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, 'आज चुनाव है और मुझे पूरा यकीन है कि मध्य प्रदेश की जनता घोटालों, चिकनी-चुपड़ी-झूठी बातों, लोगों को आपस में ही लड़ा देने की साजिशों और कुर्सी को जागीर समझने वाली मानसिकता को करारा सबक सिखायेगी। जनता हमें असीम स्नेह और समर्थन दे रही है। उसे इस बात की तसल्ली है कि अठारह सालों का कुशासन समाप्त होने वाला है और मध्य प्रदेश में सच बोलने वाली, लोगों की बात सुनने वाली, प्यार और अमन-चैन के रास्ते पर चलने वाली कांग्रेस सरकार आने वाली है।'

प्रियंका गांधी ने आगे लिखा, 'लेकिन आपके प्यार का अंदाज साधारण बहुमत से न लगेगा। हमारी सरकार को प्रचंड और संपूर्ण जनादेश चाहिये, जिसकी आहट स्वयं आपके प्रेम और उत्साह से ही मिल रही है। आज अपने मन के तूफान को वोटों में बदल दीजिये। हमें इतनी ज़्यादा सीटें जिताकर विधानसभा भेजिये कि कोई हमारी-आपकी सरकार चुरा लेने या अगवा कर लेने का सपना भी न देख सके। मुझे पता है : आपमें यह शक्ति है। जनता की जय। कांग्रेस की जय। जय देश। जय मध्य प्रदेश।'

प्रियंका गांधी ने एक अन्य ट्वीट के माध्यम से मध्य प्रदेश वासियों को कांग्रेस की गारंटी की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा है कि मध्य प्रदेश के मेरे भाइयों-बहनों! अठारह सालों का कुशासन समाप्त होने वाला है। लूट, झूठ और घोटालों वाली सरकार की विदाई में अपना अमूल्य योगदान दीजिए। भरोसे और गारंटियों वाली सरकार चुनिए।

कांग्रेस की गारंटी

✅ महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए
✅किसानों का कर्ज माफ
✅100 यूनिट बिजली माफ, 200 यूनिट हाफ
✅पुरानी पेंशन लागू
✅500 रूपए में गैस सिलेंडर
✅2 लाख खाली सरकारी पद भरेंगे
✅स्कूली छात्रों को छात्रवृत्ति
✅MSP की गारंटी
✅युवाओं को ₹3000 बेरोजगारी भत्ता
✅12वीं तक निःशुल्क शिक्षा
✅प्रतियोगी परीक्षा शुल्क में 100% छूट
✅25 लाख रु. तक का बीमा
✅OBC को 27% आरक्षण
✅जाति जनगणना