भोपाल में निकली 25 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा, हजारों लोग हुए शामिल

हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 25 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई।

Publish: Aug 14, 2023, 04:11 PM IST

Image courtesy- Twitter
Image courtesy- Twitter

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले सोमवार को 25 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कोलार से तिंरगा यात्रा को हरी झंडी दिखाई। यात्रा दोपहर 12 बजे से शुरू होकर शाम 4 बजे बैरागढ़ (संत हिरदाराम नगर) पर समाप्त हुई। इस यात्रा में बड़ी संख्या में दोपहिया और चार पहिया वाहनों से लगभग 15 हजार लोगों ने शामिल होकर यात्रा की शोभा बढ़ाई। 

यात्रा के समापन पर शाम 4 बजे कर्फ्यू वाली माता मंदिर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने झंडावंदन किया। कर्फ्यू वाली माता मंदिर पर यात्रा समाप्ती के बाद भव्य कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है। जहां सीएम कार्यक्रम में मशाल प्रज्ज्वलन और भारत माता का पूजन करेंगे। इस कार्यक्रम में लाड़ली बहना सेना की सदस्य, लाड़ली बहनें, विद्यार्थी, व्यापारिक संगठन और बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं।

यात्रा बैरागढ़ चिचली कोलार, डी मार्ट चौराहा, ललिता नगर, बीमा कुंज, सर्वधर्म कोलार, चूनाभट्टी, कोलार तिराहा, मैनिट चौराहा, माता मंदिर, अटल पथ चौराहा, नानके तिराहा, रोशनपुरा चौराहा, बाणगंगा, विवेकानंद चौराहा (पालिटेक्निक चौराहा), राजा भोज सेतु, वीआइपी रोड, लालघाटी , हलालपुर बस स्टैंड से होते हुए संत हिरदाराम नगर, दीनदयाल उपमंडी भैंसाखेड़ी पहुंचकर संपन्न हुई। 

तिरंगा यात्रा के आयोजक भोपाल की हुजूर सीट से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने केंद्र सरकार की जमकर तारीफें की। शर्मा ने कहा मोदी सरकार के कार्यकाल में कश्मीर से धारा 370 खत्म हुई और कश्मीर से कन्याकुमारी तक सही मायने में भारत अब एक हुआ है। संपूर्ण विश्व में भारतवंशियों का मान बढ़ा है। पहले तिरंगा विशिष्ट व्यक्तियों द्वारा ही फहराया जाता था और सरकारी कार्यालयों की शोभा बढ़ाता था। अब मोदी सरकार ने भारत के आम नागरिक को अपने हाथों में तिरंगा थामने और घरों में तिरंगा फहराने का अधिकार दिया है, यह क्रांतिकारी कदम है।