8 मार्च को सीएम शिवराज की कार चलाने से लेकर सुरक्षा तक की ज़िम्मेदारी सँभालेंगी महिलाएँ

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कोई बड़ी घोषणा कर सकते हैं शिवराज, महिला बाल विकास मंत्रालय शुरू करेगा अपराजिता अभियान

Updated: Mar 06, 2021, 07:19 AM IST

Photo Courtesy: The Print
Photo Courtesy: The Print

भोपाल। 8 मार्च यानी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मध्य प्रदेश सरकार एक अनोखी पहल करने जा रही है। इस दिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की कार चलाने से लेकर सुरक्षा की ज़िम्मेदारी तक महिलाएं निभाएंगी। महिला दिवस के अवसर पर भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में मुख्यमंत्री का एक कार्यक्रम आयोजित होना है। इस दौरान सीएम हाउस से मोतीलाल स्टेडियम तक एक महिला ही उनकी गाड़ी चला कर ले जाएंगी। 

इसके साथ ही मोतीलाल स्टेडियम में शिवराज के कार्यक्रम के दौरान उनकी सुरक्षा भी महिला सुरक्षाकर्मी ही संभालेंगी। इससे शिवराज यह संदेश देना चाहते हैं कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मुख्यममंत्री अपने कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए कोई बड़ी घोषणा कर सकते हैं। लेकिन उससे पहले सबसे ज़्यादा चर्चा इस पहल की हो रही है। हालांकि यह पहली बार नहीं है जब शिवराज ने महिलाओं के प्रति सम्मान दिखाने के लिए कोई अनोखा फैसला किया हो। 15 अगस्त 2020 को मु्ख्यमंत्री ने एलान किया था कि अब से किसी भी शासकीय कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन करके ही किया जाएगा। 

दूसरी तरफ महिला बाल विकास मंत्रालय ने प्रदेश में अपराजिता अभियान चलाने का निर्णय किया है। इस अभियान के तहत प्रदेश के स्कूल में कक्षा 9वीं से 12वीं के छात्राओं को मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग दी जाएगी। यह 15 से 20 दिनों की ट्रेनिंग होगी जिसमें स्कूली बच्चियों को जूडो, कराटे और ताइक्वांडो सिखाया जाएगा। 

वहीं अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मध्यप्रदेश विधानसभा में सदन संचालन की जिम्मेदारी महिलाओं को दी जा रही है। सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष की आसंदी पर महिला सभापति बैठेंगी। महिला सभापति सदन में स्पीकर की आसंदी से सदन की कार्यवाही का संचालन करेंगी। इस दौरान ज्यादा से ज्यादा महिला विधायकों को सवाल पूछने का समय दिया जाएगा। महिला दिवस पर विधानसभा में इससे पहले 2013 से 2018 तक महिला सभापति सदन की कार्यवाही का संचालन कर चुकी हैं। तब सदन में सवाल भी महिला विधायकों द्वारा ही पूछे गए थे।