भोपाल में संभागायुक्त कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराया गया परिसर, घंटों चली सर्चिंग
भोपाल में सोमवार सुबह संभागायुक्त कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। जिसके बाद इमारत खाली कर पुलिस ने घंटों सर्च ऑपरेशन चलाया लेकिन कुछ नहीं मिला।
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार सुबह संभागायुक्त कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। यह धमकी संभागायुक्त संजीव कुमार सिंह की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजी गई थी। धमकी भरे ईमेल प्राप्त होने के बाद पूरे परिसर को खाली कराकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, कई घंटों की जांच के बाद किसी भी तरह का विस्फोटक नहीं मिला।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे संभायुक्त कार्यालय के आधिकारीक ईमेल आईडी [email protected] पर एक अज्ञात व्यक्ति ने [email protected] ईमेल आईडी से धमकी भरा मेल भेजा था। इसमें दावा किया गया था कि संभागायुक्त कार्यालय में 15 छोटे साइनाइड गैस और आरडीएक्स बम लगाए गए हैं जो विस्फोट के लिए तैयार हैं। मेल की जानकारी मिलते ही संभागायुक्त संजीव कुमार सिंह ने तत्काल पुलिस आयुक्त संजय कुमार को सूचित किया।
धमकी की खबर फैलते ही पुराने सचिवालय स्थित दो मंजिला इमारत में अफरा-तफरी मच गई। इमारत में मौजूद अधिकारी और कर्मचारी तुरंत बाहर निकल आए। इसके बाद पुलिस, डॉग स्क्वाड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और करीब तीन से चार घंटे तक पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई। हालांकि, इस दौरान किसी भी प्रकार का बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
जिस इमारत में तलाशी अभियान चला वहां संभागायुक्त कार्यालय के अलावा उनके स्टाफ, सहायक आयुक्त, सहकारिता विभाग, जिला जनसंपर्क कार्यालय, आवक-जावक शाखा, हुजूर एसडीएम, हुजूर तहसील सहित कई अन्य महत्वपूर्ण दफ्तर संचालित होते हैं। ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से पूरी इमारत को खाली कराकर जांच की गई।
धमकी भरे मेल की भाषा और सामग्री भी अजीबोगरीब थी। इसमें न केवल बम विस्फोट की बात कही गई थी बल्कि तमिलनाडु के मंत्री सेंथिल बालाजी से जुड़े सीबीआई केस का जिक्र करते हुए उसे हटाने की मांग भी की गई थी। साथ ही तेलुगु सिनेमा की एक फिल्म राजू वेड्स रामबाई का विस्तार से उल्लेख करते हुए उसे सामाजिक बदलाव से जोड़कर बताया गया। मेल में एसवी शेखर के नाम पर बनी सड़क का नाम बदलकर पेरियार अंबेडकर स्ट्रीट करने की बात भी लिखी गई थी।
रविवार को अवकाश के बाद सोमवार को जब कार्यालय खुला तब यह मेल सामने आया। जिसकी वजह से कर्मचारियों में डर का माहौल बन गया। संभागायुक्त संजीव कुमार सिंह ने बताया कि धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस को सूचित कर दिया गया था और पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ईमेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने और उसके उद्देश्य का पता लगाने में जुटी है। सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी जांच भी कर रही हैं।




