भारत जोड़ो यात्रा एक तपस्या है, 35 सौ किमी पैदल चलना आसान नहीं: मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी

मध्य प्रदेश कांग्रेस के एआईसीसी इंचार्ज जेपी अग्रवाल ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का कोई राजनीतिक मकसद नहीं है। यह राहुल गांधी की एक तपस्या है।

Updated: Nov 17, 2022, 03:07 AM IST

भोपाल। कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' निरंतर जारी है। फिलहाल ये पदयात्रा महाराष्ट्र में है। राज्य में कांग्रेस की इस यात्रा को जनता का भरपूर प्यार मिल रहा है। महाराष्ट्र के बाद अब इस यात्रा का अगला पड़ाव मध्य प्रदेश है। 23 नवंबर को यात्रा मध्य प्रदेश में दाखिल होगी। इसे लेकर कांग्रेस नेताओं समेत राज्य की जनता में काफी उत्साह है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के प्रभारी महासचिव जेपी अग्रवाल ने कहा है कि भारत जोड़ो यात्रा एक तपस्या है।

एक प्रमुख मीडिया संस्थान से बातचीत के दौरान एआईसीसी इंचार्ज जेपी अग्रवाल ने कहा कि, 'देश में हर मामले में आ रही गिरावट के खिलाफ राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं। उनकी यह यात्रा किसी राजनैतिक लाभ या चुनाव के लिए नहीं है, बल्कि देश के लोगों को जगाने के लिए है। वास्तव में यह पदयात्रा एक तपस्या है। 35 सौ किलोमीटर पैदल चलना, कोई आसान बात नहीं है। इस यात्रा को उन्होंने एक तपस्या के रूप में लिया है ताकि इस देश को पता चले, वास्तव में देश के क्या हालात हैं और उस नफरत के खिलाफ हमें देश को जोड़ना है जो वर्तमान में बढ़ाई जा रही है।'

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी से मिले MP कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता, एकजुटता के साथ यात्रा को ताकत देने का संकल्प

अग्रवाल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि, 'यह लोग देश को डूबा देंगे, नफरत पैदा कर रहे हैं, आर्थिक तौर पर देश को बर्बादी की कगार पर ले गए हैं, विदेश नीति के मामले में सौ फीसदी फेल रहे हैं, आंतरिक मामलों में भी बुरी तरह असफलता हाथ लगी है। वर्तमान में केंद्र और राज्यों के बीच संबंधों का क्या हाल है, यह सबके सामने है। कई मुख्यमंत्री जो उनकी पार्टी से नहीं है वह उनके साथ मंच पर बैठने तक को तैयार नहीं हैं।'

बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा 23 नवंबर को मध्य प्रदेश में दाखिल होने वाली है। राज्य में बुरहानपुर से आगर तक करीब 386 किलाेमीटर तक राहुल गांधी के साथ पूरे समय पैदल चलेंगे। भारत जोड़ो यात्रा के मप्र पड़ाव के दौरान शामिल होने के लिए पीसीसी में करीब 20 हजार कांग्रेस कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। खास बात ये है कि राहुल गांधी की पदयात्रा में पूरे साढ़े तीन सौ किलोमीटर का सफर सीएम शिवराज सिंह चौहान के साले संजय सिंह मसानी भी तय करेंगे।

राज्यभर में 17 उपयात्राएं भी निरंतर जारी है। प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने कुल 17 उपयात्राएं निकाली है। प्रदेश के 52 जिलों में कांग्रेस की भारत जोड़ो की उपयात्राएं 35 दिन में 6,021 KM का सफर तय करेंगी। यह उपयात्राएं राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में समाहित हो जाएंगी। यह सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जा रहीं हैं।