भोपाल: मिट्टी धंसने से एक महिला और एक किशोरी की मौत, घर पोतने के लिए पीली मिट्‌टी लेने गईं थीं महिलाएं

सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के बालमपुर गांव में शनिवार को मिट्‌टी धंसकने से एक बड़ा हादसा हो गया। तालाब किनारे मिट्टी धंसकने से 6 महिलाएं मलबे में दब गईं। जिसमें दो की मौत हो गई।

Publish: Jun 10, 2023, 05:05 PM IST

भोपाल। राजधानी भोपाल से सटे सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के बालमपुर गांव में शनिवार को मिट्‌टी धंसकने से एक बड़ा हादसा हो गया। यहां तालाब किनारे मिट्टी धंसकने से 6 महिलाएं मलबे में दब गईं। जिसमें दो की मौत हो गई। जबिक चार महिलाओं को बचा लिया गया। सभी महिलाएं घर पोतने के लिए पीली मिट्टी की खुदाई कर रही थीं, तभी ये हादसा हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंची और मिट्टी में दबी महिलाओं को रेस्क्यू कर बाहर निकाला। इनमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, अस्‍पताल ले जाते समय दूसरी ने दम तोड़ दिया। बाकी 4 महिलाओं को बचा लिया गया है। 

मृतकों की पहचान 16 वर्षीय पिंकी आदिवासी पुत्री गुड्‌डू आदिवासी और 35 वर्षीय फिरोजा बी पत्नी अफजल के रूप में हुई है। दोनों ही बालमपुर की रहने वाली हैं। इनकी मौत से गांव में मातम पसर गया है। बालमपुर गांव भोपाल और रायसेन के बॉर्डर पर स्थित है।  इस घटना के बाद ग्रामीणों ने तालाब के गहरीकरण को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि बिना अनुमति गहरीकरण किया जा रहा था। 

घटना को लेकर कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया की मृतकों के परिवारों को 4 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला राहत और बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ की टीम के साथ मौके पर पहुंची और अन्य महिलाओं का रेस्क्यू किया।