भोपाल: वक्फ संशोधन बिल के समर्थन में सड़कों पर उतरी मुस्लिम महिलाएं, कांग्रेस ने बताया स्पॉन्सर्ड इवेंट
कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि तमाम मुस्लिम संगठन पहले ही इस बिल को खारिज कर चुके हैं, और हम इसे स्वीकार नहीं करेंगे। बिल का समर्थन करने वाली महिलाएं स्पॉन्सर्ड हैं।

भोपाल। देशभर में विरोध प्रदर्शन के बीच संसद में बुधवार को वक्फ संशोधन विधेयक 2025 पेश किया गया। इधर, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अलग ही नज़ारा देखने को मिला। यहां बुर्का पहने महिलाएं, हाथों में गुलाब और 'थैंक यू मोदी जी' के प्लेकार्ड लिए सड़कों पर उतर आए। ये सभी वक्फ संशोधन विधेयक के समर्थन में इकट्ठा हुए थे।
भोपाल के आनंदपुरा और कोकता इलाके में बुर्का पहनी मुस्लिम महिलाएं हाथों में गुलाब थामे थीं। वे 'थैंक्यू, मोदी जी' और 'वी सपोर्ट मोदी जी' लिखी तख्तियां लिए थीं। भोपाल के हथाई खेड़ा डैम के पास भी मुस्लिम युवकों द्वारा जश्न मनाया गया। इस दौरान मुस्लिम युवक आतिशबाजी करने भी नजर आए। हालांकि, कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने इसे भाजपा का प्रायोजित कार्यक्रम बताया है।
आरिफ मसूद ने कहा कि यह केवल एक वर्ग को परेशान करने का प्रयास है। इस बिल को ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड और तमाम मुस्लिम संगठन पहले ही खारिज कर चुके हैं, और हम इसे स्वीकार नहीं करेंगे। बिल का समर्थन करने वाली महिलाएं स्पॉन्सर्ड हैं। उन्होंने कहा कि नए बिल में कलेक्टर को जिम्मेदार बनाया जा रहा है। वही कलेक्टर जिसने हमारे कब्रिस्तानों को सरकारी घोषित किया हुआ है।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि हम इसके खिलाफ हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में लड़ रहे हैं। हमारे पास 1959 के 41 और 1947 के दस्तावेज हैं, जो यह साबित करते हैं कि यह वक्फ की संपत्ति है, लेकिन कलेक्टर इसे सरकारी संपत्ति बता रहा है।
वहीं, मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि वक्फ बोर्ड से केवल जमानी कब्जा करने वाले अमीर मुस्लिम नेताओं के पेट में दर्द हो रहा है। भोपाल में हजारों मुस्लिम भाई-बहनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वक्फ संशोधन बिल का समर्थन किया है। यह बिल आम मुसलमान के खिलाफ नहीं है, लेकिन चंद नेता अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने के लिए लोगों को गुमराह कर रहे हैं।