कांग्रेस में शामिल हुए भाजपा के कद्दावर नेता दीपक जोशी, शिवराज सरकार को उखाड़ फेंकने का लिया संकल्प

CM शिवराज के आदेश की वजह से मेरी पत्नी को कोरोना में एंबुलेंस नहीं मिली और उनकी मौत हो गई। शिवराज सरकार ने मेरे पिता व मध्य प्रदेश के पुर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी को सम्मन नहीं दिया: दीपक जोशी

Updated: May 06, 2023, 06:58 PM IST

भोपाल। चुनावी साल में मध्य प्रदेश बीजेपी में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। विधानसभा चुनाव के पहले ही भारतीय जनता पार्टी के एक के बाद एक दिग्गज नेता कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को पूर्व विधायक राधेलाल बघेल और पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। जोशी के कांग्रेस ज्वॉइन करने के बाद भाजपा खेमे में खलबली मच गई है।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और बागली विधानसभा क्षेत्र से आठ बार के विधायक, सांसद और राजनीति के संत कहे जाने वाले कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी ने अपने साथियों के साथ मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ के निवास स्थान पर पहुंचकर कांग्रेस की सदस्यता ली। इस दौरान दीपक जोशी के हाथ में उनके पिता कैलाश जोशी की फोटो थी।

यह भी पढ़ें: घर से फरसा लेकर निकले दीपक जोशी, कांग्रेस में शामिल होने से खिसक जाएगी भाजपा की जमीन

कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करते ही दीपक जोशी ने शिवराज सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यदि पीसीसी चीफ कमलनाथ चाहें तो मैं बुधनी विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विरुद्ध चुनाव लड़ने को तैयार हूं। मुझे पूरा भरोसा है कि मैं बुधनी में शिवराज सिंह चौहान को पटखनी दूंगा।

इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ उनका गुस्सा भी देखने को मिला। जोशी ने कहा कि CM शिवराज के आदेश की वजह से मेरी पत्नी को कोरोना में एंबुलेंस नहीं मिली और पत्नी की मौत हो गई। शिवराज सरकार ने मेरे पिता व मध्य प्रदेश के पुर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी को सम्मन नहीं दिया। यह प्रतिष्ठा का सवाल है। बता दें कि 5 मई 2021 को दीपक जोशी की पत्नी का कोरोना से निधन हो गया था।