Ex Congress Worker Murdered: कांग्रेस से निष्कासित जिला प्रवक्ता ब्रज भूषण शर्मा की हत्या

अशोकनगर के कांग्रेस जिला प्रवक्ता पद से निष्कासित ब्रज भूषण शर्मा की हत्या, अवैध संबंधों के चलते हत्या की आशंका, महिला ने लगाया आरोप, वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था ब्रज भूषण शर्मा

Updated: Oct 13, 2020, 06:41 PM IST

photo courtesy : naidunia
photo courtesy : naidunia

गुना। कांग्रेस से निकाले गए नेता ब्रज भूषण शर्मा की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक का शव गुना के कैंट इलाका स्थित दर्जी मोहल्ले में मिला है। निर्वस्त्र अवस्था में मिले शव पर चाकू के कई निशान मिले हैं। पुलिस को शंका है कि यह हत्या अवैध संबंधों को लेकर हुई है। पुलिस का कहना है कि महिला मित्र ने उन्हें अपने घर पर आमंत्रित किया था, जिसके बाद पूर्व कांग्रेस नेता का शव मिला है। उन्हें अशोकनगर के कांग्रेस जिला प्रवक्ता पद से निष्कासित किया गया था।  

आपको बता दें कि जिस घर में शव मिला वहां 36 वर्षीय रजनी अहिरवार किराए से रहती है। दर्जी मोहल्ले का मकान किसी सुनील जैन का है, मकान मालिक भी उसी मकान में रहते हैं। महिला ने पुलिस को बताया है कि ब्रज भूषण शर्मा उसका पुराना परिचित है, वह उसे किसी वीडियो को वायरल करने की धमकी दे रहा था। जिसे लेकर दोनों में विवाद हुआ और गुस्से में आकर महिला ने उसकी हत्या कर दी। वह अक्सर उसके पति की गैर मौजूदगी में महिला के घर आता रहता था।

इस बात की जानकारी महिला ने खुद पुलिस को दी है। महिला का पति शिक्षक है, सोमवार को वह किसी काम से अशोक नगर गया हुआ था। फिलहाल पुलिस इस हत्या के मामले की जांच में जुटी है। आपको बता दें कि कांग्रेस ने भूषण शर्मा को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। उसका नशे में गालीगलौच करते एक वीडियो भी वायरल हुआ था। जिसमें वह नशे में किसी की पिटाई कर रहा था।