भोपाल में क्लोरिन गैस लीक से हड़कंप, लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन

राजधानी भोपाल की मदर इंडिया कॉलोनी में देर रात एक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में क्लोरीन गैस का रिसाव होने से तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। गैसकांड' की इस घटना के बाद एहतियात बरतते हुए प्रभावित इलाके में पानी की सप्लाई आज रोक दी गई है।

Updated: Oct 27, 2022, 06:58 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की मदर इंडिया कॉलोनी में क्लोरीन गैस लीक होने से हड़कंप मच गया। सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन के बाद लोग दहशत में आ गए। सैंकड़ों की संख्या में लोग घरों से बाहर निकलकर सड़क पर इकट्ठा हो गए।

घटना की सूचना पर भोपाल कलेक्टर व नगर निगम आयुक्त मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान नगर निगम की टीम ने पाया कि इलाके के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में लगे 900 किलोग्राम के क्लोरीन गैस सिलेंडर का नोजल खराब होने के कारण गैस लीक हो रहा था। 

टीम ने तत्काल पानी और 5 किलो कास्टिक सोडा डालकर स्थिति पर काबू पाया। क्षेत्र के करीब 15 लोगों को सांस लेने में तकलीफ के चलते हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। घटना के बाद अब एहतियात बरतते हुए प्रशासन ने प्रभावित इलाके में आज पानी की सप्लाई रोक दी गई है।

गैस लीक की जानकारी मिलने पर गैसकांड राहत मंत्री विश्वास सारंग और भोपाल की महापौर मालती राय हमीदिया अस्पताल पहुंची और घायलों का हाल चाल जाना। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि, 'इस मामले में सभी पीड़ित लोगों के इलाज की पूर्ण व्यवस्था हो, इस पूरे मामले की जाँच हो, सुरक्षा के सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।'