MP Congress List Of Promises: कांग्रेस का वचन पत्र जारी, 52 बड़ी घोषणाओं के जरिए प्रदेश के विकास का वादा
MP By Election: कमलनाथ ने दिग्विजय सिंह की मौजूदगी में जारी किया कांग्रेस का वचन पत्र, कहा शिवराज सरकार के कार्यकाल में ठप हुए विकास को फिर से पटरी पर लाएंगे, शिवराज को बताया मिस्टर 115 परसेंट

भोपाल। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश विधानसभा उप चुनाव के लिए अपना वचन पत्र जारी कर दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने यह वचन पत्र पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत पार्टी के तमाम प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में जारी किया। इस वचन पत्र में कांग्रेस ने प्रदेश की जनता के लिए 52 बड़ी घोषणाएं की हैं। इनमें कोरोना प्रभावित लोगों को राहत देने के विशेष एलान, किसानों को राहत देने की घोषणाएं शामिल हैं।
Live : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी द्वारा उपचुनाव के लिये कांग्रेस के “वचनपत्र” का विमोचन कार्यक्रम। https://t.co/kTWRxBMyTs
— MP Congress (@INCMP) October 17, 2020
कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने इस वचन पत्र में अगले तीन साल के दौरान मध्य प्रदेश के विकास का खाका पेश किया है। उन्होंने कहा कि शिवराज चौहान ने प्रदेश में सत्ता संभालने के बाद से विकास का काम ठप कर दिया है, जिसे उपचुनाव के बाद बनने वाली कांग्रेस की सरकार फिर से शुरू करेगी।
इस मौके पर हुई प्रेस कॉफ्रेंस में कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर तीखा पलटवार भी किया। पत्रकारों ने जब उनसे पूछा कि शिवराज सिंह चौहान आपको मिस्टर 15 परसेंट कह रहे हैं, तो कमलनाथ बोले, मुझे मिस्टर 15 परसेंट कहने वाले खुद मिस्टर 115 परसेंट हैं। कमलनाथ ने उपचुनाव के बाद प्रदेश में फिर से कांग्रेस सरकार बनने का भरोसा जाहिर करते हुए कहा कि शिवराज जी आपको मुख्यमंत्री की कुर्सी पर अब बस 15 दिन और काटने हैं। ़