19 सितंबर से MP में जन आक्रोश यात्रा निकालेगी कांग्रेस, सात नेताओं की मिली 11 हजार KM यात्रा की जिम्मेदारी

मध्य प्रदेश की बदहाली और बर्बादी के खिलाफ कांग्रेस का जन आक्रोश यात्रा, शिवराज सरकार के खिलाफ जन आक्रोश को आवाज देने 11 हजार किमी की यात्रा करेंगे कांग्रेस नेता

Updated: Sep 16, 2023, 04:42 PM IST

भोपाल। विधानसभा चुनाव को लेकर मध्य प्रदेश में सियासी जोर आजमाइश तेज हो गई है। सत्ताधारी दल बीजेपी प्रदेशभर में जन आशीर्वाद यात्राएं निकाल रही है। हालांकि, इस दौरान भाजपा नेताओं को जन आक्रोश का भी सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच कांग्रेस पार्टी ने भाजपा सरकार के खिलाफ व्याप्त जन आक्रोश को आवाज देने के लिए प्रदेशभर में 11 हजार किमी की "जन आक्रोश यात्रा" निकालने का ऐलान कर दिया है।

कांग्रेस प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला और पीसीसी चीफ कमलनाथ ने शनिवार को इस यात्रा के संबंध में जानकारी दी। भोपाल में प्रेस को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बताया कि जन आक्रोश यात्रा में प्रदेश में कुल 11 हजार 400 किमी की दूरी तय करेगी। यह यात्रा सात अलग अलग रूट से होकर निकलेगी, जिसका नेतृत्व 7 बड़े नेता करेंगे।

यात्रा मार्ग 1 का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह करेंगे। यह यात्रा 1600 किमी की दूरी तय करेगी। वहीं, यात्रा मार्ग 2 का नेतृत्व पूर्व पीसीसी अध्यक्ष अरुण यादव करेंगे। यह यात्रा 1700 किमी की दूरी तय करेगी। यात्रा मार्ग 3 का नेतृत्व कमलेश्वर पटेल करेंगे। यह यात्रा 1900 किमी की दूरी तय करेगी।यात्रा मार्ग 4 का नेतृत्व पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल करेंगे। यह यात्रा 1400 किमी की दूरी तय करेगी। यात्रा मार्ग 5 का नेतृत्व सुरेश पचौरी करेंगे। यह यात्रा 1400 किमी की दूरी तय करेगी। इसके अलावा कांग्रेस कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया को यात्रा मार्ग 6 और जीतू पटवारी को यात्रा मार्ग 7 की जिम्मेदारी मिली है। ये दोनों यात्राएं 1700 किमी की दूरी तय करेगी।

कांग्रेस प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, '18 सालों की प्रदेश की बदहाली और बर्बादी का जनता में शिवराज राज के ख़िलाफ़ जो असंतोष था, वो अब जन आक्रोश में तब्दील हो गया है। समूचे मध्य प्रदेश में चारो ओर भयंकर अराजकता, अपराध, भय, भ्रष्टाचार और लूट की खुली छूट है। आदिवासी, किसान, दलित ,बेटियां, बच्चे, पिछड़े ,नौजवान सबकी जबान पर बस एक ही बात है, "शिवराज हटाओ प्रदेश बचाओ"। आज मध्य प्रदेश के कोने - कोने से जन आक्रोश का स्वर सुनाई दे रहा है। बस जनता की इसी आवाज़ को सुनकर हम 'जनाक्रोश यात्रा' का आगाज़ कर रहे हैं।'

सुरजेवाला ने कहा, 'प्रदेश की जनता में भयंकर जन आक्रोश इसलिए हुआ क्योंकि शिवराज राज ने पहले तो किसानों की आमदनी कम कर दी और फिर फसलों के दाम मांगने पर उनके सीने में गोलियां उतार दी। युवाओं के भविष्य को व्यापम और पटवारी परीक्षा घोटाले की भेंट चढ़ाकर उनके भविष्य की हत्या कर दी। हमारे आदिवासी भाइयों के मुँह पर भाजपा नेता द्वारा पेशाब करके न सिर्फ़ उन्हें अपमानित किया गया बल्कि उनके 3 लाख 22 हजार आवास के पट्टे निरस्त करके उन्हें दरबदर भी कर दिया गया। पोषण आहार घोटाला करके कुपोषित बच्चों के निवाले पर डाका डाला गया। शिवराज सरकार की भ्रष्टाचार की भूख यहीं नहीं रुकती, वो 45 लाख स्कूली बच्चों की स्कूल की ड्रेस खा गए।'

सुरजेवाला ने आरोप लगाते हुए कहा, 'बेशर्म भाजपाई सत्ता ने दरिंदगी की सीमाएं इस हद तक पार कर दी कि आयुष्मान योजना में मुर्दों के इलाज़ के नाम पर भी पैसे खा गए। जनता में आक्रोश इसलिए भी है कि भ्रष्टाचार के पाप में आकंठ तक डूबी इस सत्ता ने भगवान महाकाल को भी नहीं छोड़ा। जो भगवान को नहीं छोड़ते, वो अन्नदाता किसान, दलित, आदिवासी व नौजवान को क्या छोड़ेंगे। 50 हजार से अधिक बेटियों की फ़र्जी शादी दिखाकर उनके हक का पैसा खा लिया गया और अंततः अपने पापों पर पर्दा डालने के लिए सतपुड़ा भवन को आग के हवाले कर हजारों फाइलें जला दी गईं।'

सुरजेवाला ने कहा, 'पिछले 18 सालों में मध्य प्रदेश में 58 हजार से अधिक बहन -बेटियों से बलात्कार हुए, 67 हजार से अधिक अपहरण हुए, पूरे देश में बच्चों के ख़िलाफ़ अपराध सबसे ज़्यादा मप्र में है, दलितों के ख़िलाफ़ अत्याचार में प्रदेश को नंबर वन बना दिया गया।' कांग्रेस प्रभारी ने 15 महीने की कमलनाथ सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ़ किया, 87 प्रतिशत लोगों का बिजली का बिल 100 रु से कम कर दिया, माफ़ियाओं पर वार किया और मिलावटखोरों पर प्रहार किया।