भारत जोड़ो यात्रा के लिए MP में समन्वय समिति का गठन, आरिफ मसूद-अजय शाह सह समन्वयक नियुक्त

भारत जोड़ो यात्रा आयोजन समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह के निर्देशानुसार भारत जोड़ो यात्रा समन्वय समिति का गठन, कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठन के अध्यक्षों को बनाया गया सदस्य

Updated: Sep 10, 2022, 11:54 AM IST

भोपाल। कांग्रेस की "भारत जोड़ो यात्रा" को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस की तैयारियां जोरों पर है। भारत जोड़ो यात्रा आयोजन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह के निर्देशानुसार मध्य प्रदेश में समन्वय समिति का गठन किया गया है। इस कमेटी में कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद को प्रदेश सह समन्वयक की जिम्मेदारी दी गई है।

यात्रा के प्रदेश कॉर्डिनेटर पीसी शर्मा ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी। समन्वय समिति में आरिफ मसूद के अलावा कुल 6 लोगों को सह समन्वयक बनाया गया है। इसमें अजीता वाजपेई, सुरेंद्र चौधरी, राजकुमार पटेल, जगदीश सैनी, अजय शाह और हाकम सिंह रघुवंशी का नाम शामिल है। इसके अलावा इस कमेटी में कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठन के अध्यक्षों को सदस्य नियुक्त किया गया है।

यह भी पढ़ें: भारत जोड़ो यात्रा का चौथा दिन, लोगों में दिख रहा जबरदस्त उत्साह, बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी हो रहे शामिल

यूथ कांग्रेस अध्यक्ष डॉ विक्रांत भूरिया, महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल, सेवादल अध्यक्ष रजनीश सिंह, एनएसयूआई अध्यक्ष आशुतोष चौकसे और किसान कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गुर्जर को कमेटी का सदस्य मनोनित किया गया है। साथ ही यासिर हसनत को कंट्रोल रूम प्रभारी और आश्विन कुमार को कंट्रोल रूम समन्वयक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा सभी 52 जिलों में जिला समन्वयक की भी नियुक्ति की गई है।

यह कमेटी प्रदेश के सभी ब्लॉक में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने वाले 15 उपयात्राओं को कॉर्डिनेट करेगी। बता दें कि प्रदेश में 15 उपयात्राएं निकलेंगी जो 52 जिलों को कवर करेंगी। यात्रा के दौरान पदयात्री संविधान की प्रति लेकर आगे बढ़ते जाएंगे और अंत में सभी 15 यात्राएं मुख्य यात्रा से जुड़ेंगी। करीब 35 दिनों तक प्रदेशभर में इस तरह की उपयात्राएं चलेगी। मुख्य यात्रा से इतर ये 15 उपयात्राएं 4 हजार किलोमीटर चलेंगी। 

यह भी पढ़ें: भारत जोड़ो यात्रा को लेकर MP कांग्रेस की तैयारियां पूरी, मुख्य यात्रा से जुड़ेंगी 15 उपयात्राएं, कमलनाथ ने ली बैठक

भारत जोड़ो यात्रा के लिए निर्धारित रूट के मुताबिक मध्य प्रदेश को पैदल पार करने में कांग्रेस पदयात्रियों को 16 दिन लगेंगे। यात्रा पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के जलगांव जामोद से मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। मध्य प्रदेश में पहला पड़ाव 26 नवंबर को बुरहानपुर जिले का बोदारली होगा। यहां से खंडवा, सनावद, बड़वाह, इंदौर, उज्जैन होते हुए आगर मालवा जिले की सुसनेर विधानसभा से राजस्थान के कोटा जिले में जाएगी। मध्य प्रदेश में मुख्य यात्रा करीब 382 किलोमीटर की होगी जो राज्य के 7 लोकसभा और 18 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी।