Crime in MP: विदिशा में 70 साल की बुजुर्ग महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या

विदिशा के ग्यारसपुरा इलाके में बुजुर्ग सुबह खेत में मिला शव, ओलीजा गांव के बाहर खेत में सिंचाई की निगरानी करने गई थी महिला

Updated: Nov 19, 2020, 09:08 PM IST

Photo courtesy: BBC
Photo courtesy: BBC

विदिशा। मध्यप्रदेश में महिलाओं के साथ अपराध के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। विदिशा जिले में 70 साल की बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म और हत्या का मामला सामने आया है। गुरुवार सुबह गांव के बाहर खेत के पास झाड़ियों में महिला का शव निर्वस्त्र मिला। आरोपियों ने महिला के प्राइवेट पार्ट्स पर भी लाठी से हमला किया था। दरिंदगी के बाद आरोपियों ने महिला के मुंह में मिट्टी भर दी थी।

महिला का कटा हुआ शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। ग्यारसपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता के परिजनों ने उसके शव की पहचान कर ली है। महिला के परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उन्होंने गांव के बाहर खेती करने के लिए ठेके पर जमीन ली थी। वहां सिंचाई का काम हो रहा था। जिसकी देखरेख के लिए महिला अक्सर खेत पर जाया करती थीं।

बुजुर्ग महिला के साथ दरिंदगी से इलाके में सनसनी का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव के आसपास शराबियों और संदिग्धों से पूछताछ पर नजर रखी जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। विदिशा पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स जांच में जुटी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।