आदिवासी सम्मेलन में शामिल हुए पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, नवविवाहित वधुओं को आर्थिक मदद का किया ऐलान

आदिवासी सम्मेलन में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने लाडली बहन योजना पर साधा निशाना, कहा- शिवराज एक हाथ से बहनों को पैसे दे रहे हैं दूसरे हाथ से महंगाई बढ़ाकर दोगुने से ज़्यादा पैसे खर्च करा दे रहे हैं।

Updated: Mar 05, 2023, 07:27 PM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह रविवार को अल्पप्रवास पर जबलपुर पहुंचे। यहां उन्होंने अखिल भारतीय आदिवासी शबरी महासंघ द्वारा आयोजित विशाल आदिवासी सम्मेलन व सामूहिक विवाह कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने मंच से सभी नवविवाहित वधुओं को आर्थिक मदद देने का ऐलान किया। 

दरअसल, जबलपुर में रविवार को पूर्व मंत्री कौशल्या गोंटिया ने अखिल भारतीय आदिवासी शबरी महासंघ के बैनर तले विशाल आदिवासी सम्मेलन व सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी जबलपुर पहुंचे। यहां उन्होंने विवाह बंधन में बंधे वर-वधुओं को सफल दाम्पत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। 

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस दौरान सामूहिक विवाह समारोह के मंच से ऐलान किया कि वह सभी नवविवाहित वधुओं के बैंक खातों में राज्यसभा मद से पांच-पांच हजार रुपए ट्रांसफर करेंगे। इस दौरान सिंह ने लाडली बहना योजना को लेकर सीएम शिवराज को निशाने पर लिया। सिंह ने कहा, "आज महंगाई चरम है। शिवराज एक हाथ से बहनों को पैसे दे रहे हैं, वहीं दूसरे हाथ से महंगाई बढ़ाकर पांच गुना पैसे खर्च करा दे रहे हैं। 1 हजार रुपए तो गैस सिलेंडर में ही खर्च हो जाएंगे। वे 1 हजार देने के बदले पांच हजार जेब से निकाल लेते हैं।" 

सिंह ने आगे कहा, "कमलनाथ ने घोषणा की है कि कांग्रेस सरकार बनते ही महिलाओं को डेढ़ हजार रुपए प्रतिमाह दिए जाएंगे। कांग्रेस सरकार ने गरीबों और आदिवासियों के हित का काम किया है। वहीं, भाजपा सरकार ने सिर्फ आदिवासियों का शोषण किया है।"
इस दौरान कांग्रेस विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने कहा कि मध्य प्रदेश में क़रीब साढ़े बाइस फ़ीसदी आदिवासी समुदाय के लोग हैं। लेकिन शिवराज सरकार ने आदिवासियों के लिए महज 7 करोड़ रुपए का फंड रखा है। यह शिवराज सरकार के आदिवासी विरोधी चेहरे को उजागर करने के लिए काफी है। 

यह भी पढ़ें: MP में महिलाओं को प्रतिवर्ष 18 हजार रुपए भत्ता देगी कांग्रेस सरकार, कमलनाथ का बड़ा ऐलान

मरकाम ने सरकार से आदिवासियों के कल्याण के लिए फंड बढ़ाने की मांग की। इस दौरान जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर आदिवासियों के विवाह कार्यक्रम का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी। इस दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस के इंचार्ज जेपी अग्रवाल भी मौजूद रहे। अग्रवाल ने पूर्व मंत्री कौशल्या गोंटिया के इस पहल की सराहना की।

इससे पहले जेपी अग्रवाल ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जबलपुर में ब्लॉक, मंडलम, सेक्टर स्तर के कार्यकर्ताओं से बातचीत की। उन्होंने कार्यकर्ताओं का शॉल और श्रीफल देकर सम्मान किया। यहां मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि 2023 की चुनौती कार्यकर्ताओं के बूते पार की जा सकती है। यही वजह है कि बड़े नेताओं की बजाय कार्यकर्ताओं से उनका सीधा संवाद होता है।