वेदिका ठाकुर के परिजनों से मिले पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, भाजपा नेता ने गोली मारकर की थी हत्या

छोटे-छोटे अपराधों में प्रदेश में बुलडोजर शिवराज सरकार द्वारा चला दिया जाता है, लेकिन इस अपराधी के ऊपर अभी तक नहीं चलाया गया। जबकि नगर निगम ने मकान के अवैध निर्माण होने का नोटिस जारी हो चुका है: दिग्विजय सिंह 

Publish: Jul 17, 2023, 08:35 PM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सोमवार को जबलपुर दौरे के दौरान वेदिका ठाकुर के घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद वेदिका हत्याकांड को लेकर राज्य सरकार को घेरा। पूर्व सीएम ने हत्या के आरोपी भाजपा नेता के घर बुलडोजर चलाने की भी मांग की।

यह भी पढ़ेंः हम भीख नहीं मांग रहे हैं, हमें हमाराअधिकार दो, भोपाल में शिवराज सरकार के खिलाफ़ छात्रों ने खोला मोर्चा

जबलपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह कहा कि आरोपी बीजेपी नेता युवती को गोली मारने के बाद उसे घंटों तक घुमाता रहा। पहले उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके कपड़े बदल दिए गए। पुलिस आज तक उन कपड़ों को बरामद नहीं कर पाई है। ऐसे में उस अस्पताल पर साक्ष्य मिटाने का मामला दर्ज किया जाना चाहिए।

दिग्विजय सिंह ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वेदिका 11 दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझती रही, लेकिन सरकार ने कोई मदद नहीं की। अगर सीएम शिवराज सिंह चौहान चाहते तो वेदिका को दिल्ली या मुंबई शिफ्ट करा सकते थे। जहां एक्सपर्ट डॉक्टर उसकी गोली निकाल लेते और शायद वह जिंदा रहती। 

यह भी पढ़ेंःजबलपुर में विशाल कांवड़ यात्रा, 15 KM नंगे पैर चले पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, कहा- भोलेनाथ सबका भला करें

दिग्विजय सिंह ने कहा कि वैसे तो मैं इस बुलडोजर संस्कृति के खिलाफ हूं, अगर सरकार इस संस्कृति को अपनाकर श्रेय लेती है तो वह भेदभाव क्यों कर रही है। छोटे- छोटे अपराधों में प्रदेश में बुलडोजर शिवराज सरकार द्वारा चला दिया जाता है, लेकिन इस अपराधी के ऊपर अभी तक नहीं चलाया गया। जबकि नगर निगम ने मकान के अवैध निर्माण होने का नोटिस जारी हो चुका है। दिग्विजय सिंह ने बीजेपी नेता प्रियांश विश्वकर्मा का मकान तोड़ने की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार कार्रवाई नहीं करेगी तो हम सरकार को बाध्य करेंगे कि वह कार्रवाई करे।