MP में लाडली बहना योजना के नाम पर ठगी शुरू, गरीब महिलाओं को निशाना बना रहे शातिर ठग

ई-केवाईसी कराने के नाम पर दिया जा रहा है ठगी की वारदात को अंजाम, महिलाओं से अंगूठा लगवा बैंक से रुपए निकाल ले रहे ठग।

Updated: Mar 30, 2023, 09:46 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में अब लाड़ली बहना योजना के नाम पर ठगी शुरू हो गई है। राज्य में गरीब महिलाओं को योजना का लाभ दिलाने के नाम पर ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। राजधानी भोपाल और बैतूल से ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां ई-केवाईसी के नाम पर महिलाओं के बैंक से रुपए निकाल लिए गए।

दरअसल, कुछ ठग खुद को सरकारी कर्मचारी बताते हुए लोगों के घर पहुंच रहे हैं। इनके पास थंब इंप्रेशन लेने की मशीन होती है, जिस पर अंगूठा लगवाकर वे ई-केवाइसी करने की बात कहते हैं। महिलाएं उन्हें शासकीय कर्मचारी समझ कर अंगूठा निशान दे देती हैं। लेकिन के वहां से खिसकते ही अंगूठा निशान देने वाले के बैंक खाते से धनराशि कट जाती है।

यह भी पढ़ें: देश में 43 लाख बच्चे कुपोषण के शिकार, 14 लाख अत्यंत कुपोषित: केंद्र सरकार

भोपाल पिपलानी इलाके में बीते सोमवार नगर निगम कर्मचारी बनकर लोगों के घर पहुंचे ठगों ने लाड़ली बहना योजना के लिए ई-केवाइसी करने का झांसा देकर गृहणियों से अंगूठा निशान लगवाया। एक दंपती ने इस झांसे में 15 हजार रुपये गंवा दिए। ठगी की जानकारी पीड़ित दंपती को बैंक पहुंचने के बाद हुई। उन्होंने इस घटना की लिखित शिकायत साइबर क्राइम पुलिस भोपाल से की है।

इससे पहले बैतूल में भी लाड़ली बहना योजना के लिए ईकेवाईसी कराने पहुंची महिला से ठगी का मामला सामने आ चुका है। मामला बैतूल जिले के लीलाझार गांव का है। यहां एक महिला ईकेवाइसी कराने पहुंची थी। इस दौरान महिला से विड्राल फाॅर्म पर अंगूठा लगवा लिया गया, और पोस्ट ऑफिस खाते से 4000 रुपए की राशि निकाल लिया गया।

कियोस्क संचालक गिरिराज शर्मा ने बताया कि आधार कार्ड अगर बैंक खाते से लिंक होता है तो बायोमेट्रिक मशीन पर खाताधारक का अंगूठे का निशान लेने पर उसके खाते से बैकिंग प्रक्रिया शुरू हो जाती है। उससे आसानी से रुपये निकाले जा सकते हैं।