भोपाल: गुफा मंदिर के महंत चंद्रमादास त्यागी का निधन, हरिद्वार कुंभ में हुए थे कोरोना संक्रमित

गुफा मंदिर के महंत चंद्रमादास त्यागी का कोरोना से निधन, हाल ही में हरिद्वार कुंभ से लौटे थे, 14 दिन से अस्पताल में चल रहा था इलाज, सीएम शिवराज सिहं, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, कमलनाथ ने जताया निधन पर शोक

Updated: May 01, 2021, 11:48 AM IST

Photo courtesy: twitter
Photo courtesy: twitter

भोपाल। गुफा मंदिर के महंत चंद्रमादास त्यागी का निधन हो गया है। वे कोरोना संक्रमित थे। महंत चंद्रमादास कुछ दिनों पहले ही हरिद्वार कुंभ में शामिल होने गए थे। वहां से वे बीमार अवस्था में भोपाल लौटे थे। तबसे उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। उन्हें इलाज के लिए भोपाल के निजी पालीवाल अस्पताल में भर्ती किया गया था।

 कोरोना संक्रमित महंत चंद्रमादास का इलाज 14 दिन से हो रहा था, शनिवार दोपहर उनकी तबीयत बिगड़ी और डाक्टरों की लाख कोशिशों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। शनिवार दोपहर उन्होंने अंतिम सांस ली। महंत चंद्रमादास के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पीसीसी चीफ कमलनाथ, बीजेपी महासचिव भगवान दास सबनानी, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, मंत्री विश्वास सारंग ने शोक व्यक्त किया है।

 

लालघाटी स्थित गुफा मंदिर के महंत रहते हुए उन्होंने कई धार्मिक और सामाजिक कार्यों का आयोजन करवाया। उनके द्वारा कई भागवत कथा, राम कथाओं का आयोजन हुआ। इन आयोजनों से उन्होंने लोगों को धर्म से जोड़ने का कार्य किया। 

गुफा मंदिर के पुजारी कृष्णा ने बताया कि महंत चंद्रमादास हरिद्वार कुंभ के दौरान कोरोना की चपेट में आ गए थे। वहां से आकर 14 दिन से अस्पताल में भर्ती थे।

उनके साथ गुफा मंदिर से 20 अन्य पंडित भी हरिद्वार कुंभ में शामिल होने गए थे। उन सब का स्वास्थ्य ठीक है। महंत चंद्रमादास ही कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए थे। शनिवार को उनकी मृत्यु हो गई। गुफामंदिर के महंत के निधन से उनके अनुयायियों में शोक की लहर है।