MP विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की उच्चस्तरीय बैठक आज, कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और सुरजेवाला दिल्ली रवाना

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस हाईकमान ने बुलाई अहम बैठक, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और रणदीप सुरजेवाला रहेंगे मौजूद

Updated: Oct 31, 2023, 08:33 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब महज 17 दिन बाकी हैं। सभी राजनीतिक दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। कांग्रेस नेताओं की भी धुआंधार रैलियां हो रही है। सोमवार को पीसीसी चीफ कमलनाथ जहां इंदौर में थे, वहीं दिग्विजय सिंह ने दतिया में जनसभा को संबोधित किया। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद दोनों दिग्गज दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। बताया जा रहा है कि यहां देर शाम कांग्रेस की उच्चस्तरीय बैठक होने वाली है।

जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के आखिरी दिनों की रणनीति को लेकर चर्चा करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने यह बैठक बुलाई है। बैठक में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पीसीसी चीफ कमलनाथ, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला के मौजूद रहने के कयास हैं। बताया जा रहा है कि इस बैठक में आनेवाले दिनों में शीर्ष नेताओं के दौरे, कैंपेन स्ट्रेटजी व अन्य मुद्दों को लेकर विस्तृत चर्चा होगी।

कांग्रेस नेताओं की यह बैठक देर रात तक चलने की संभावना है। मंगलवार सुबह ही पीसीसी चीफ कमलनाथ और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह एकसाथ भोपाल लौटेंगे और चुनावी कार्यक्रमों में जुट जाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक आगामी 4 नवम्बर को प्रदेश में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली होगी। वहीं, 8 और 9 को प्रियंका गांधी दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी।

मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया जाएगा। वहीं तीन दिसंबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। बीजेपी ने इस बार चुनाव में दिग्गजों की फौज उतार दी है। राज्य में तीन केंद्रीय मंत्री समेत 7 सांसदों को टिकट दिया गया है। बावजूद ओपिनियन पोल्स के मुताबिक सत्ताधारी दल की स्थिति ठीक नहीं है। उधर, कांग्रेस पार्टी 150 सीटें जीतने का दावा कर रही है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक पार्टी द्वारा अलग-अलग एजेंसियों से सर्वे कराए गए हैं। इसमें यह बात निकलकर आई कि कांग्रेस 150 सीटें जीत सकती है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी कह चुके हैं कि प्रदेश में कांग्रेस 150 सीटें जीतकर सरकार बनाने जा रही है।