इंदौर: चोरी के शक में नाबालिगों के साथ क्रूरता, भीड़ ने लोडिंग ऑटो में बांधकर घसीटा, बेहोश होने तक पीटते रहे

इंदौर में दो नाबालिगों को मोबाइल चोरी और पर्स चोरी के शक में लोगों द्वारा गाड़ी से बांधकर घसीटा गया है। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद शहर की राजेंद्र नगर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Updated: Oct 29, 2022, 11:25 AM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां भीड़ ने नाबालिग लड़कों के साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दी। मोबाइल चोरी के शक में उन्हें लोडिंग ऑटो से बांधकर घसीटा गया। क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बेहोश होने के बाद भी भीड़ उन्हें पिटती रही।

मामला इंदौर की चोइथराम सब्जी मंडी का है। बताया जा रहा है कि मंडी में आए दिन पर्स और मोबाइल चोरी की वारदात होती रहती हैं। दोनों नाबालिगों पर एक व्यापारी का मोबाइल चोरी करने का शक था। इसी वजह से भीड़ ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें जानवरों की तरह पीटा गया। लड़के बेहोश हो गए, इसके बावजूद भी भीड़ का दिल नहीं पसीजा। हद तो तब हो गई जब उन्हें ऑटो में बांधकर घसीटा गया।

पीड़ित नाबालिगों का कहना है कि वे सांची पाइंट जा रहे थे। वहां गाड़ी खड़ी हुई थी। कुछ लोग आए और सीधे उन्हें पकड़कर मारपीट करने लगे। सुबह 6 से 7 बजे तक उन्हें पीटा गया। एक लड़का ने बताया कि वह हम्माली का काम करता है और दूसरा लड़का जो था वो मंडी में प्याज बीनता है। उन्होंने कहा कि, 'हम पर चोरी का इल्जाम लगाते हुए मारा और रस्सी से बांधकर गाड़ी से घसीटकर ले गए। इतना मारा की बेहोश हो गए थे।'

दोनों नाबालिगों में से एक की उम्र 13 साल और दूसरे की 17 साल बताई गई है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद दोनों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि जिन्होंने इन नाबालिगों के साथ बर्बतापूर्वक व्यवहार किया है, उनकी तलाश की जा रही है।