बेल्लारी पहुंचकर भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए कमलनाथ, राहुल संग मिलाया कदम ताल
मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ अपने सांसद पुत्र नकूलनाथ के साथ बेल्लारी पहुंचे और भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ मार्च किया, यात्रा से पहले वे वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह से काफी देर तक बातचीत करते भी दिखे।

बेल्लारी। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आज 39वां दिन है। इन 39 दिनों में राहुल गांधी एक हजार किलोमीटर से अधिक पैदल मार्च कर चुके हैं। यात्रा जैसे जैसे आगे बढ़ रही है यात्रियों का उत्साह भी बढ़ता जा रहा है। यात्रा में आज मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी शामिल हुए। इस दौरान कमलनाथ राहुल गांधी संग कदम ताल करते दिखे।
कमलनाथ रविवार को अपने सांसद पुत्र नकूलनाथ के साथ छिंदवाड़ा से बेल्लारी के लिए निजी विमान से रवाना हुए। बेल्लारी के कैंप में वह काफी देर तक भारत जोड़ो यात्रा आयोजन समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह से बातचीत करते दिखे। दोपहर पड़ाव के बाद जब यात्रा शुरू हुई तो वे राहुल गांधी के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते दिखे। एक तस्वीर सामने आई है जिसमें देखा जा सकता है कि राहुल गांधी कमलनाथ का हाथ थामे हैं।
आज कर्नाटक के बेल्लारी पहुँचकर भारत यात्रियों से मुलाक़ात की। pic.twitter.com/jZrPExgqan
— Kamal Nath (@OfficeOfKNath) October 16, 2022
कमलनाथ ने यात्रा का वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि, 'भारत यात्रियों का उत्साह व हज़ारों की तादाद में उपस्थित जनता का इस यात्रा के प्रति स्नेह - प्यार देखकर अभिभूत हूँ।' बेल्लारी से कमलनाथ का यात्रा में शामिल होना बेहद अहम है। दरअसल, बेल्लारी से कांग्रेस का पुराना नाता है। सोनिया गांधी कर्नाटक के बेल्लारी सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं। उन्होंने यहां सुषमा स्वराज को बुरी तरह पराजित किया था।
आज कर्नाटक के बेल्लारी पहुँचकर राहुल गांधी जी की “भारत जोड़ो यात्रा“ में शामिल हुआ।
— Kamal Nath (@OfficeOfKNath) October 16, 2022
भारत यात्रियों का उत्साह व हज़ारों की तादाद में उपस्थित जनता का इस यात्रा के प्रति स्नेह - प्यार देखकर अभिभूत हूँ। pic.twitter.com/hS67ILgp9H
छिंदवाड़ा से बेल्लारी के लिए निकलने से पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, 'इस यात्रा के लिए बड़े ताप, तपश्या और परिश्रम की आवश्यकता है। यह यात्रा देश में एक संदेश दे रही है। लोगों को एहसास हो रहा है कि आज देश में क्या स्थिति है। भारत विभाजन के प्रयास किए जा रहे हैं। इस यात्रा से राहुल गांधी का संदेश काफी दूर तक जा रहा है।'