UNWTO अवॉर्ड के लिए नामित हुआ MP का लाडपुरा खास गांव, केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने किया नामित

संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन द्वारा दिए जाने वाले अवॉर्ड की एक श्रेणी में इस गांव को नॉमिनेट किया गया है, लाडपुरा खास गांव को सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव की कैटेगरी में नामित किया गया है

Publish: Sep 14, 2021, 04:09 AM IST

Photo Courtesy: News Track
Photo Courtesy: News Track

भोपाल। मध्य प्रदेश का एक गांव संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन द्वारा दिए जाने वाले अवॉर्ड के लिए नामित हुआ है। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने लाडपुरा खास गांव को इस अवॉर्ड के लिए नामित किया है। निवाड़ी ज़िले के अंतर्गत आने वाले लाडपुरा खास गांव को सर्वश्रेष्ठ पर्यटन के लिए केंद्र सरकार ने नॉमिनेट किया है। लाडपुरा खास गांव के अलावा तेलंगाना और मेघालय से दो गांवों को नामित किया गया है। 

यह अवॉर्ड सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव की श्रेणी में दिया जाना है। इसके लिए मध्य प्रदेश के गांव का चयन होने पर सीएम शिवराज ने प्रदेश वासियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग के अधिकारियों को कर्मचारियों की भी हौसला अफजाई की। 

अगले पांच साल में सौ गांवों को किया जाएगा विकसित

पर्यटन एवं सस्कृति विभाग के मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला ने मीडिया को बताया कि ग्रामीण पर्यटन की अवधारणा को धरातली रूप देने के लिए ग्रामीण पर्यटन परियोजना की शुरुआत की गई है। शुक्ला ने बताया कि लाडपुरा खास गांव की ही तर्ज पर आने वाले वर्षों में अन्य गांवों को भी पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। 

अगले पांच वर्षों में प्रदेश के सौ गांवों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें ओरछा, मांडू, सांची, खजुराहो, पचमढ़ी आदि क्षेत्रों में गांवों का चयन कर उन्हें विकसित किया जाएगा। इन गांवों में क्षेत्रीय पर्यटन गतिविधियां, पर्यटकों की ठहरने की व्यवस्था से लेकर परंपरागत और स्थानीय भोजना की व्यवस्था की जाएगी।