मध्य प्रदेश में सर्दी का सितम, 5 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचा तापमान, IMD ने जारी किया अलर्ट

शुक्रवार रात को छतरपुर के नौगांव में न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, यहां पारा लुढ़कर 5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं ग्वालियर 5.2 तापमान के साथ दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा।

Updated: Jan 13, 2024, 10:28 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में कड़ाके ठंड का सिलसिला लगातार जारी है। बादल छंटने के साथ ही प्रदेश में घने कोहरे ने डेरा डाल रखा है। शनिवार को सुबह ग्वालियर-भोपाल समेत आधे प्रदेश में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। उत्तर से आ रही सर्द हवाओं से प्रदेश के तापमान में गिरावट आई है और जोरदार ठंड पड़ रही है। आलम ये है कि कई जगहों पर न्यूनतम तापमान गिरकर 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

शुक्रवार रात को छतरपुर के नौगांव में न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, यहां पारा लुढ़कर 5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं ग्वालियर 5.2 तापमान के साथ दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा। दतिया में 5.2 डिग्री सेल्सियस, छतरपुर के बिजावर में 5.3, और रीवा में 5.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इन जगहों पर कड़ाके की सर्दी रही।

वहीं सीहोर सबसे कम अधिकतम तापमान वाला शहर रहा, जहां अधिकतम पारा 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद सबसे कम अधिकतम तापमान शाजापुर में 20.7, दतिया में 20.7, ग्वालियर में 20.8 और नर्मदापुरम में 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव रहने की वजह से मौसम में ऐसा बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग की मानें को फिलहाल कोहरे से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।

IMD, भोपाल के सीनियर वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया, अभी वेस्टर्न डिस्टरबेंस अफगान-ईरान के आसपास है। इस वजह से विंड पैटर्न बदल गया है। राजस्थान के आसपास प्रति चक्रवात की एक्टिविटी है। इन वजहों से अगले 2 से 3 दिन तक कोहरा रहेगा। इसके बाद रात के टेम्प्रेचर में कुछ गिरावट हो सकती है, लेकिन 16 जनवरी से एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने का अनुमान है। इससे रात के तापमान ज्यादा नहीं लुढ़केंगे।