कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं भाजपा के कई नेता, सिवनी मालवा पहुंचे कमलनाथ का बड़ा दावा

पीसीसी चीफ एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने नर्मदापुरम जिले के सिवनी मालवा में प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि आज भाजपा के राज में दाल में थोड़ा-बहुत काला नहीं पूरी दाल ही काली है।

Updated: Apr 22, 2023, 02:03 PM IST

सिवनी मालवा। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व सीएम कमलनाथ शनिवार को नर्मदपुरम जिले के सिवनी मालवा पहुंचे। यहां पूर्व सीएम ने दावा करते हुए कहा कि भाजपा के कई नेता कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करना चाहते हैं। पूर्व सीएम ने कहा कि आज प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। भाजपा के राज में दाल में थोड़ा-बहुत काला नहीं पूरी दाल ही काली है।

कमलनाथ ने सिवनी मालवा में प्रेस को संबोधित करते हुए कहा, "भारतीय जनता पार्टी से कई लोग कांग्रेस में आने के इच्छुक हैं। जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष सदस्य मुझ से लगातार मिलकर अपनी चिंता व्यक्त करते हैं। आज प्रदेश के लगभग सभी वर्गों के शासकीय कर्मचारी हड़ताल पर हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हड़ताल पर, डॉक्टर हड़ताल पर, स्वास्थ्य कर्मी हड़ताल पर, संविदा कर्मचारी हड़ताल पर, अतिथि शिक्षक हड़ताल पर, कुछ दिन पहले तक सम्मानित वकील गण भी हड़ताल पर थे।"

पूर्व सीएम ने आगे कहा, "कल ही मुख्यमंत्री ने इस बात को स्वीकारा कि सीएम हेल्पलाइन में भ्रष्टाचार हो रहा है। लोगों को ब्लैकमेल किया जा रहा है। यदि सीएम हेल्पलाइन जैसी योजना का यह हाल है तो पूरे प्रदेश का क्या हाल होगा? आज प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। सुबह अखबार खोलिए कोई ना कोई अत्याचार, बलात्कार अथवा मर्डर की खबरें प्रतिदिन सामने आ रही हैं। यह आज प्रदेश की कानून व्यवस्था की तस्वीर है।"

कमलनाथ ने कहा, "प्रदेश में कृषि क्षेत्र का हाल बुरा है। खासतौर पर हमारा नर्मदापुरम जो कि कृषि क्षेत्र की राजधानी है, आज यहां किसान खाद-बीज और बिजली के लिए परेशान हैं। नर्मदा पुरम में चारों विधायक भाजपा के हैं, सांसद भाजपा के हैं, नगरीय निकाय में भाजपा का कब्जा है, फिर भी आज विकास के मामले में नर्मदापुरम पिछड़ता जा रहा है।" पूर्व सीएम ने सिंधिया पर निशाना साधते हुए कहा कि आज प्रदेश की जनता और समाज का हर वर्ग अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। सच्चे कांग्रेसी जनता की आशाओं और अपेक्षाओं के खिलाफ नहीं जा सकते। इसीलिए पिछली बार की भांति इस बार कोई गद्दारी होने की संभावना नहीं है।

यह भी पढ़ें: बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचे दिग्विजय सिंह, गर्भगृह में सपत्नीक पूजन-अर्चन और अभिषेक किया

टिकट बंटवारे के सवाल पर कमलनाथ ने कहा कि इस बार टिकट वितरण में किसी की रिकमेंडेशन और दबाव बिल्कुल नहीं चलेगा। AICC स्थानीय स्तर पर सर्वे करा रही है, स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से चर्चा करके ही टिकट वितरण किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा, "हमारा मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के संगठन से है। पिछले कुछ वर्षों में हमने अपने संगठन को मजबूती देने की दिशा में कार्य किया है। संगठन में एकजुटता की कमी के कारण नर्मदापुरम में हमें अब तक नुकसान हुआ। परंतु इस बार ऐसा नहीं होगा।"