बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचे दिग्विजय सिंह, गर्भगृह में सपत्नीक पूजन-अर्चन और अभिषेक किया

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और उनकी पत्नी अमृता राय शनिवार सुबह महाकाल के दरबार में पहुंचे। यहां भस्म आरती में शामिल होने के बाद उन्होंने पूजन-अर्चन और अभिषेक किया।

Updated: Apr 22, 2023, 11:40 AM IST

उज्जैन। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह शनिवार सुबह सपत्नीक
बाबा महाकाल की शरण में पहुंचे। वे ब्रह्म मुहूर्त में बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए। भस्म आरती के बाद सिंह और उनकी पत्नी अमृता राय ने गर्भगृह में बाबा महाकाल का पूजन-अर्चन और अभिषेक किया। इस दौरान उज्जैन जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रवि भदौरिया, घट्टिया विधायक रामलाल मालवीय व कांग्रेस नेता राजेंद्र वशिष्ठ विशेष रूप से उपस्थित थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक दिग्विजय सिंह गुरुवार रात को ही उज्जैन पहुंचे थे। शुक्रवार को उन्होंने उज्जैन दक्षिण और उत्तर विधानसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। वहीं, शनिवार को अल सुबह बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचे। भस्म आरती संपन्न होने के बाद उन्होंने गर्भगृह में जाकर सपत्नीक पंचामृत पूजन किया। गर्भगृह में पूजन करने के बाद दिग्विजय सिंह ने नंदीहाल में भगवान नंदी जी का पूजन कर अपनी मनोकामना भी कही। 

महाकाल मंदिर के पुजारी संजय गुरु ने मीडिया से कहा कि शनिवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बाबा महाकाल की भस्म आरती के दौरान दर्शन किए। साथ ही बाबा महाकाल का पूजन-अर्चन भी किया। उन्होंने पत्नी अमृता राय के साथ यह पूजा की और गुरुजनों का आशीर्वाद भी प्राप्त किया। पंडित संजय गुरु ने बताया कि गर्भगृह में बाबा महाकाल का पूजन करने के बाद दिग्विजय सिंह नंदी हॉल में पहुंचे। उन्होंने भगवान नंदी का पूजन-अर्चन करने के बाद उनके कानों मे अपनी मनोकामना भी व्यक्त की। 

महाकाल दर्शन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम समाज जनों को ईद पर्व की मुबारकबाद दी। ईदगाह जाकर पूर्व सीएम शहर काजी और समाज के लोगों के लगे लगकर मुबारकबाद दी। इस मौके पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि देश में अमन चैन रहे यही दुआ है। इसके बाद उन्होंने भगवान परशुराम के जन्म दिवस पर ब्राह्मण समाज के जुलूस का स्वागत कर समाज जनों को शुभकामनाएं दी।