अगले कुछ दिनों तक गर्मी से नहीं मिलेगी राहत, मौसम विभाग ने 27 जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट किया जारी 

शनिवार को प्रदेश का नौगांव शहर दुनिया का सातवां सबसे गर्म शहर रहा, गर्मीं से लोग बेहाल, अधिकांश जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहेगा  

Publish: May 15, 2022, 04:21 AM IST


भोपाल।
आसमान से इन दिनों बरस रही आग से आने वाले कुछ दिनों तक राहत नहीं मिलने वाली। मौसम विभाग ने भोपाल सहित 27 जिलों के लिए हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि फ़िलहाल गर्मी से राहत मिलने की सम्भावना नहीं है। अगले 2 दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में तापमान 46 से 48 डिग्री सेल्सियस तक बना रहेगा। विभाग ने लू के थपेड़ों से लोगों को बचने की सलाह दी है। भीषण गर्मी के चलते लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। प्रदेश के छतरपुर जिले का नौगांव दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो गया है। मई के पहले पखवाड़े में इतनी अधिक गर्मी प्रदेश में पिछले 16 सालों में नहीं पड़ी थी। मई के पहले पखवाड़े में ही प्रदेश के कई जिलों का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया है। 

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों तक पूरे प्रदेश में भीषण गर्मीं लोगों को बेहाल करेगी। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहेगा। इसके बाद तापमान में 1 या 2 डिग्री की गिरावट आने के आसार हैं। तब तक विभाग ने लोगों को गर्मी से बचने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने जिन 27 जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है उनमें भोपाल सहित नौगांव, राजगढ़, खजुराहो, शाजापुर, गुना, सागर, दमोह, सतना, खरगोन, ग्वालियर और खंडवा जिलों के नाम शामिल हैं। 
शनिवार को नौगांव दुनिया का सातवां सबसे गर्म शहर रहा। यहाँ तापमान ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। शनिवार को नौगांव का तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।  
इसके अलावा प्रदेश के 27 शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश के 19 शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है।  शनिवार को राजगढ़ और खजुराहो में तापमान 47 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि खरगोन में 46.5 डिग्री, खंडवा में 46.1 डिग्री, ग्वालियर में 46.2 डिग्री, गुना में 46 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।