MP Congress: प्रदेश उपाध्यक्ष बृजमोहन परिहार का निधन

Corona Update: कांग्रेस नेता बृजमोहन परिहार का कोरोना संक्रमण से निधन, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह बोले पारिवारिक सदस्य खो दिया

Updated: Aug 12, 2020, 05:38 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष बृजमोहन परिहार का कोरोना संक्रमण के कारण निधन हो गया है उनका गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था। उन्होंने मंगलवार को आखिरी सांस ली। उनका अंतिम संस्कार सरकार और WHO की कोरोना की गाइडलाइन के मुताबिक दिल्ली में ही किया जाएगा। 

उपाध्यक्ष बृजमोहन परिहार के निधन से कांग्रेस पार्टी में शोक की लहर फैल गई है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने वरिष्ठ नेता बृजमोहन परिहार के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। दिग्विजय सिंह ने अपने ट्वीट संदेश में लिखा है कि ‘आज मैंने, मेरे युवक कांग्रेस के साथी और अभिन्न मित्र व पारिवारिक सदस्य बृजमोहन परिहार को खो दिया।‘ उन्होने कहा है कि बृजमोहन कांग्रेस के प्रति समर्पण व प्रतिबद्धता की बेमिसाल थे। 

परिहार के निधन पर कांग्रेस के चंबल-भिंड मीडिया प्रभारी केके मिश्रा का कहना है कि वे ग्वालियर-चम्बल संभाग के कद्दावर नेता थे उन्होंने ताउम्र सामंतवाद के खिलाफ संघर्ष किया।  

बृजमोहन परिहार को ब्लड प्रेशर और शुगर की बीमारी थी। कोरोना की शुरुआत में करीब एक महीने पहले उन्हें निजी अस्पताल सिम्स में भर्ती कराया गया था। यहां पर उनका इलाज चल रहा था। लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां उनका करीब 20 दिन से इलाज चल रहा था। पांच दिन पहले उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।