MP Cabinet Expansion: कांग्रेस में होकर भी कांग्रेस में नहीं थे एदल सिंह कंसाना

कमलनाथ सरकार में मंत्री ना बनाए जाने पर सरकार के खिलाफ बगावती तेवर अपनाए हुए थे कंसाना।

Publish: Jul 03, 2020, 02:39 AM IST

मुरैना के सुमावली से विधायक चुने गए एंदल सिंह कंसाना सबसे पहले 1993 और 1998 में बीएसपी के टिकट पर इस सीट से लगातार दो बार चुनाव जीते थे। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया और 2008 एवं 2018 में कांग्रेस की टिकट पर इस विधानसभा सीट पर जीते। मार्च 2020 में इस्तीफा देने वाले 22 विधायकों में एदल सिंह कंसाना भी शामिल थे। उन्हें अब शिवराज कैबिनेट में जगह मिली है।

दिसंबर 2018 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर एदल सिंह कंसाना को कमलनाथ ने अपने कैबिनेट में शामिल नहीं किया था। वे तभी से कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंह के खिलाफ मोर्चा खोले हुए थे। मंत्री ना बनाए जाने पर उनके समर्थकों ने जमकर हंगामा किया था। मध्य प्रदेश राजनीतिक संकट शुरू होने से पहले उन्होंने फरवरी में बयान दिया था कि अगर कमलनाथ उन्हें मंत्री नहीं बनाएंगे तो सरकार को बहुत नुकसान होगा।

कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद कंसाना लगातार कमलनाथ के खिलाफ बयानबाजी करते रहे। मई में उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज जिस मोड़ पर खड़ी है उसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ही जिम्मेदार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कमलनाथ सिंधिया जैसे नेताओं को नजरअंदाज कर रहे थे और इसका परिणाम उन्हें उपचुनाव में देखने को मिलेगा।