Mohammad Salim: कोरोना से हारे एमपी कांग्रेस महासचिव मोहम्मद सलीम

Corona in MP: कांग्रेस के महासचिव मोहम्मद सलीम का कोरोना उपचार के दौरान निधन, 17 अगस्त को हुआ था पत्नी का निधन

Updated: Sep 01, 2020, 12:16 AM IST

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस के महासचिव मोहम्मद सलीम का कोरोना से निधन होने की खबर है। भोपाल विकास प्राधिकरण (BDA) के पूर्व उपाध्यक्ष के निधन से मध्यप्रदेश कांग्रेस में शोक की लहर दौड़ गई है। सलीम काफी दिनों से कोरोना का इलाज करवा रहे थे। बीते 17 अगस्त को ही उनकी पत्नी की भी कोरोना से मौत हुई थी। सलीम का असमय जाना मध्यप्रदेश की राजनीति में एक बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है। 

सलीम के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। कांग्रेस नेता ने ट्वीट कर लिखा, 'भोपाल के मोहम्मद सलीम के देहांत की खबर सुन कर बहुत दुख हुआ। वे हमारे बेहद मज़बूत साथी थे। उनके जाने से मुझे निजी क्षति हुई है। प्रभु उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। परिवार जनों को हमारी संवेदनाएँ।'

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी सलीम की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने लिखा, 'मेरे वर्षों के साथी, प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री मो. सलीम के दुखद निधन का समाचार प्राप्त हुआ। उनका निधन मेरे लिये व्यक्तिगत क्षति है। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएँ। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणो में स्थान व पीछे परिजनो को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।

रिपोर्ट्स के मुताबिक बीते दिनों सलीम कोरोना संक्रमित पाए गए थे जिसके बाद उन्हें राजधानी भोपाल स्थित चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान सोमवार (31 अगस्त) को तड़के सुबह वह जिंदगी की जंग हार गए। बताया जा रहा है कि आज दोपहर 1 बजे उन्हें जहांगीराबाद कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक किया जाएगा।