MP Election 2023: काउंटिंग से पहले गायब हुए डाक मतपत्र, नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने की शिकायत

नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह ने आरोप लगाया कि लहार विधानसभा में शासकीय कर्मचारी, दिव्यांगों और बुजुर्गों द्वारा किए गए मतदान के मतदान पत्र गायब हुए हैं। उन्होंने कुल 1435 मतदान पत्र गायब होने का दावा किया है।

Updated: Nov 20, 2023, 12:14 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग संपन्न होने के बाद अब कांग्रेस ईवीएम और डाक मतपत्रों की सुरक्षा को लेकर अक्रामक है। नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने लहार विधानसभा क्षेत्र में 1435 मतदान पत्र गायब होने की शिकायत की है। उन्होंने निर्वाचन आयोग को शिकायती पत्र भेजकर कहा है की लहार विधानसभा में बुजुर्ग, दिव्यांग और सरकारी कर्मचारियों के मत्र पत्र गायब कर दिए गए हैं।

नेता प्रतिपक्ष के शिकायत के बाद लहार से भोपाल तक के अफसरों में हड़कंप मच गई। सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि लहार विधानसभा के शासकीय कर्मचारियों के मतपत्र गायब कर दिए गए हैं। पता नहीं कहां रखे गए हैं। निर्वाचन अधिकारी सहायक लहार से भी पूछा, उन्होंने मना कर दिया। भिंड के जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा गड़बड़ी करने की संभावना है, इसकी जांच की जाए।

डॉ गोविंद सिंह ने कहा कि मैंने कलेक्टर और लहार एसडीएम से पूछा तो उन्होंने बताने से इनकार दिया है। उनका आरोप है कि ट्रेनिंग के दौरान छह सौ कर्मचारियों ने अपने मत पत्र भरे थे। वे, भी गायब कर दिए गए हैं। सिंह के आरोपों पर भिंड कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अफसर संजीव कुमार श्रीवास्तव ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के नियामानुसार ईवीएम मशीनें और बुजुर्ग, दिव्यांग और सरकारी कर्मचारियों के डाक मत पत्र कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में रखवाए गए हैं। ईवीएम मशीनों को स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखवाई गईं। वहीं, डाक मत पत्रों को ट्रेजरी में रखवाया गया।

बता दें कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए 17 नवंबर 2023 को प्रदेशभर में मतदान किया गया था। इस दौरान कुछ जगहों पर बूथ कैप्चरिंग के आरोप भी लगे। कई जगहों पर हिंसा और भाजपा नेताओं द्वारा गुंडागर्दी करने की खबरें भी सामने आयीं। शिकायत होने के बाद भिंड जिले की अटेर विधानसभा क्षेत्र के एक पोलिंग बूथ पर निर्वाचन आयोग ने दोबारा मतदान कराने का निर्णय लिया है। 17 नवंबर को जनता ने अपना फैसला लॉक कर दिया है, 3 दिसंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। तब ये साफ होगा कि प्रदेश में किसकी सरकार बन रही है।