PC Sharma : किसान को पीट रही है पुलिस, सड़क पर आइए महाराज

Guna: पुलिस की बर्बरता पर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि वापस आ गई किसानों की छातियों पर गोली चलाने वाली सरकार

Publish: Jul 16, 2020, 01:36 AM IST

गुना में एक दलित किसान परिवार से बर्बरता का मामला सामने आया है। पुलिस ने किसान को लाठियों से बेदम होने तक पीटा। दरअसल यहां सरकारी जमीन पर कब्जा हटाने गये सरकारी अमले के सामने किसान ने जहर पी लिया था। जिसे देखकर किसान की पत्नी ने भी जहर पी लिया।  किसान राजकुमार अहिरवार और उसकी पत्नी सावित्री को इसके बाद पुलिस ने जमकर पीटा और दोनों को जबरन अस्पताल ले गई। पुलिस की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।

कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने ट्वीट किया है कि मंदसौर में किसानों की छातियों पर गोली चलाने वाली सरकार वापस आ गई है। गुना जिले में एक किसान व उसके परिवार पर इस बर्बरतापूर्ण कार्यवाही की मैं कड़े शब्दों में भर्त्सना करता हूं। कहां है गुना जिले के पूर्व सांसद जो किसानों के लिए सड़कों पर उतरने की बातें किया करते थे। किसानों के लिए बड़ी-बड़ी बातें करना आसान है। आईये सड़कों पर, किसानों पर आपके संसदीय क्षेत्र में अत्याचार हो रहा है।

किसान पर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का आरोप

आरोप है कि किसान ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किया था। जिसे हटाने गए एसडीएम और पुलिस JCB लेकर पहुंच गए थे। किसान ने इसका विरोध किया लेकिन पुलिस नहीं मानी। तो पहले किसान राजकुमार और फिर उसकी पत्नी सावित्री ने पुलिस के सामने जहर पी लिया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला की हालत गंभीर है। दरअसल पुलिस प्रशासन की टीम सरकारी जमीन पर कब्जा हटवाने वहां गई थी।  

दरअसल गुना के सरकारी पीजी कॉलेज की जमीन पर किसान राजकुमार अहिरवार कई साल से खेती कर रहा था। मंगलवार को गुना नगर पालिका का अतिक्रमण हटाओ दस्ता वहां पहुंचा । जिसका नेतृत्व SDM कर रहे थे। प्रशासन की टीम ने किसान राजकुमार की फसल पर जेसीबी चलाने की कार्रवाई शुरू की। किसान के रोकने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

किसान का दावा पैतृक जमीन है, लाखों का कर्ज लेकर की बुआई

किसान राजकुमार का कहना है वह उसकी पैतृक जमीन है। उसके पूर्वज उस जमीन पर बरसों से खेती करते आ रहे हैं। लेकिन उसके पास पट्टा नहीं है। किसान का कहना है कि उसने 4 लाख रुपए का कर्ज लेकर खेत बोया है। अब फसल अंकुरित हो आई है। इस पर बुल्डोजर मत चलाओ।  

प्रशासन ने नहीं की सुनवाई, किसान दंपति ने पिया जहर

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जब निगम दस्ते ने किसान राजकुमार की बात नहीं सुनी तो वो खेत में बनी अपनी झोपड़ी  में जाकर कीटनाशक पी लिया। पति को जहर पीता देख उसकी पत्नी ने भी वही कीटनाशक पी लिया। प्रशासन की टीम ने दोनों को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन दोनों जहर पी चुके थे। इतना ही नहीं किसान दंपति ने अस्पताल जाने से इनकार कर दिया। जबरन पुलिस दोनों को घसीटकर गाड़ी से अस्पताल लेकर पहुंची। इस दौरान पुलिस ने किसान को जमकर पीटा भी जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।