MP के गृहमंत्री ने अब Zomato को दी हिदायत, बोले- 10 मिनट में डिलीवरी करने की पॉलिसी बदलें

Zomato ने इसी हफ्ते इंस्टेंट डिलीवरी सर्विस शुरू करने का ऐलान किया है, इसके तहत अब आर्डर करने के 10 मिनट के भीतर आपके घर पर खाना डिलीवर होगा

Updated: Mar 25, 2022, 09:48 AM IST

भोपाल। ऑनलाइन फ़ूड डिलीवरी ऐप जोमैटो अपनी नई सर्विस को लेकर चर्चा में है। जोमैटो ने इंस्टेंट फ़ूड डिलीवरी सर्विस शुरू करने का ऐलान किया है। इसके तरह ग्राहक को अब आर्डर करने के 10 मिनट में ही घर पर खाना मिल जाएगा। जोमैटो के इस सर्विस को मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने खतरनाक करार दिया है। मिश्रा ने कंपनी को हिदायत दी है कि इस पॉलिसी में बदलाव किया जाए।

नरोत्तम मिश्रा ने शुक्रवार को मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि, '10 मिनट में फूड डिलीवरी करने की zomato की सर्विस कर्मचारियों के साथ-साथ लोगों की जान से भी खिलवाड़ है। मध्यप्रदेश में जोमैटो के साथ-साथ किसी को भी ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन नहीं करने दिया जाएगा। Zomato कंपनी को मेरी हिदायत है कि वह इस पॉलिसी में बदलाव करे।'

मिश्रा ने तर्क दिया कि कर्मचारी तय समय मे फ़ूड डिलेवरी करने के लिए जान जोखिम में डालकर अपना वाहन दौड़ाएंगे क्योंकि व्यस्त समय मे इतने कम समय मे नियत स्थान पर पहुंचना सम्भव ही नहीं होगा। कर्मचारियों के इस तरह वाहन दौड़ाने से ट्रैफिक रूल का उलंघन तो होगा ही और आमजनता व खुद कर्मचारी की जान जोखिम में बनी रहेगी।

यह भी पढ़ें: भोपाली यानी होमोसेक्सुअल, TKF के डायरेक्टर का शर्मनाक बयान, दिग्विजय सिंह ने बताया संगत का असर

उन्होंने कहा कि यह योजना व्यवाहरिक ही नहीं है। शहर के एक कोने से दूसरे कोने तक इतने ट्राफिक में 10 मिनट में पहुंचा ही नहीं जा सकता है। मध्य प्रदेश में इस तरह के जोखिम की अनुमति नही दी जा सकती है इसलिए जोमैटो कंपनी यह योजना वापस ले ले। यदि कंपनी इस पॉलिसी को वापस नहीं लेती है तो इस कारण किसी भी घटना-दुर्घटना होने पर कंपनी के खिलाफ सीधी कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि, जोमैटो के फाउंडर दीपिंदर गोयल पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि यह पॉलिसी डिलीवरी पार्टनर के लिए 30 मिनट की डिलीवरी जितनी ही सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि यह सेवा सिर्फ चार किलोमीटर से कम दूरी वाले ग्राहकों के लिए और सिर्फ चुनिंदा आइटम्स के लिए है। उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी अपने डिलीवरी एजेंट्स का हेल्थ इंश्योरेंस भी कराती है।