MP: BJP में शामिल होने के बाद गायब हैं पूर्व विधायक

Nepanagar: उप चुनाव की तैयारी शुरू, कांग्रेस से विधायक बनी सुमित्रा देवी कासदेकर अब बीजेपी में, पार्टी में बढ़ गई कलह

Updated: Jul 30, 2020, 10:13 PM IST

बुरहानपुर/नेपानगर। बुरहानपुर के अंतर्गत आने वाली नेपानगर विधानसभा सीट को लेकर पेंच फंस गया है। प्रदेश में 27 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में एक सीट नेपानगर भी है। जो हाल ही में कांग्रेस की विधायक सुमित्रा देवी कासदेकर के कांग्रेस छोड़ने के बाद हुई है। टिकट के टक्कर में अब बीजेपी से पूर्व विधायक मंजू दादू भी मैदान में उतर गईं हैं। उपचुनाव से पहले बीजेपी विधायक ने अपनी राजनीतक ज़मीन तलाशना शुरू कर दी है। 

आगामी उपचुनाव से पहले बीजेपी के लिए सबसे बड़ी चुनौती अब अपने ही कार्यकर्ताओं को समझाने की है। एक तरफ जहां कांग्रेस छोड़ बीजेपी में आईं सुमित्रा देवी कासदेकर की दावेदारी सबसे ज़्यादा मानी जा रही है। वहीं क्षेत्र की पूर्व विधायक मंजू दादू ने भी ताल ठोक दी है। पिछले चुनाव से पहले मंजू दादू इसी क्षेत्र से बीजेपी की विधायक रह चुकी हैं। ऐसे में चुनावों में अपनी दावेदारी पेश करने के लिए मंजू दादू ने इलाके में जनसंपर्क करना शुरू कर दिया है। 

पूर्व विधायक को बड़ी लांचिंग का इंतज़ार 

कांग्रेस छोड़ कर बीजेपी में शामिल हुई सुमित्रा देवी क्षेत्र से गायब हैं। इस समय वे अपने पूरे परिवार के साथ किसी अज्ञात स्थान पर हैं। माना जा रहा है कि क्षेत्र में बीजेपी के आला दर्जे के नेता उनकी लांचिंग कर सकते हैं। ऐसे में मंजू दादू की दावेदारी बीजेपी के लिए बहुत बड़ी मुश्किल खड़ी कर देगी।

बदल जाएगा राजनीतिक समीकरण 

बीजेपी के पास एक तरफ जहां सबसे बड़ी चुनौती अपने नाराज़ कार्यकर्ताओं को समझाने की है। वहीं सुमित्रा देवी और मंजू दादू में सामंजस्य स्थापित करना भी एक बड़ी चुनौती है। माना जा रहा है कि दोनों ही उम्मीदवार में से किसी एक की भी नाराज़गी क्षेत्र में पूरा राजनीतिक समीकरण एक बार में बदल देगी।