इंदौर के अस्पताल से नवजात बच्चा चोरी, CCTV में कैद वारदात

महाराज यशवंत राव होलकर अस्पताल से एक दिन का बच्चा चोरी, अज्ञात महिला पर बच्चा चुराने का आरोप, CCTV फुटेज के आधार पर बच्चे की तलाश में जुटी पुलिस

Updated: Nov 16, 2020, 05:48 PM IST

Photo courtesy: Bhaskar
Photo courtesy: Bhaskar

इंदौर। शहर के महाराज यशवंत राव होलकर अस्पताल से एक दिन का बच्चा चोरी होने का मामला सामने आया है। शनिवार को दीपावली की रात रानी बियानी नाम की महिला को डिलीवरी के लिए अस्पताल में दाखिल किया गया था। जहां रविवार सुबह उसने एक स्वस्थ्य बच्चे को जन्म दिया। आरोप है रविवार को नर्स के वेश में एक महिला बच्चे की जांच करने के बहाने आई और बच्चा लेकर भाग गई।

प्रसूता महिला की मां ने बताया कि रविवार शाम वह अपनी बेटी और नाती के पास बैठी हुई थी। तभी नर्स की ड्रेस में एक महिला आई। उसने बच्चे की हार्ट बीट चेक की और कहा कि उसकी धड़कन कम है, जांच करनी होगी। उसने बच्चे की नानी को चकमा देकर पर्चा बनवाने भेज दिया और बच्चे को लेकर फरार हो गई। बच्चे की नानी और परिजनों ने हर जगह महिला को खोजा, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया।

बच्चे के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। बच्चा चोर महिला नर्स की ड्रेस में थी। इस वजह से किसी को कोई शक नहीं हुआ, यह पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। परिजनों ने संयोगितागंज थाने में बच्चा चोरी होने की शिकायत दर्ज करवा दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला की तलाश जारी है। वीडियो में बच्चा चोर महिला बच्चे की नानी के साथ जाते दिखाई दी। बच्चे की मां का रोरोकर बुरा हाल है।