चौथी बार हॉकी एशिया कप का चैंपियन बना भारत, खिताबी मुकाबले में साउथ कोरिया को 4-1 से रौंदा

फाइनल मुकाबला राजगीर कॉम्प्लेक्स स्टेडियम में खेला गया था। इस टाइटल के साथ भारतीय टीम ने 5 बार की चैंपियन साउथ कोरिया को फाइनल हराकर चौथी बार टाइटल जीता है। भारत ने 2017 में मलेशिया को फाइनल हराकर आखिरी बार एशिया कप जीता था।

Publish: Sep 08, 2025, 04:15 PM IST

Photo Courtesy: Dainik Bhaskar
Photo Courtesy: Dainik Bhaskar

राजगीर। भारत ने हॉकी एशिया कप 2025 का खिताब जीत लिया है। टीम ने फाइनल मुकाबले में डिफेंडिंग चैम्पियन दक्षिण कोरिया को 4-1 से मात देकर ट्रॉफी अपने नाम की। फाइनल मुकाबला रविवार को राजगीर कॉम्प्लेक्स स्टेडियम में खेला गया था। जिसमें टीम इंडिया ने बड़ी जीत दर्ज की। साउथ कोरिया से एकमात्र गोल सोन डायन ने किया। 

इस जीत के साथ ही भारत ने विश्व कप 2026 के लिए जगह पक्की की। भारत से फाइनल मैच के पहले ही मिनट में सुखजीत सिंह ने गोल किया था। वहीं दूसरे क्वार्टर में फिर दिलप्रीत सिंह ने गोल कर भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी। तीसरे क्वार्टर में दिलप्रीत ने एक और गोल दागा। चौथे क्वार्टर में अमित रोहिदास ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागा और भारत को 4-0 से आगे कर दिया। भारत 2025 के हॉकी एशिया कप में अजेय रहा। टीम ने पूल स्टेज में चीन, जापान और कजाकिस्तान को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी। 

यह भी पढ़ें: विराट कोहली के लिए BCCI ने बदले नियम, लंदन में लिया फिटनेस टेस्ट

इस खिताब के साथ भारतीय टीम ने 5 बार की चैंपियन साउथ कोरिया को फाइनल हराकर चौथी बार टाइटल जीता है। भारत ने 2017 में मलेशिया को फाइनल हराकर आखिरी बार एशिया कप जीता था। वहीं कोरिया दूसरी बार ही रनर-अप रही। टीम को 2007 में भी भारत ने ही फाइनल मुकाबले में हराया था। भारतीय टीम का चीन के खिलाफ मैच करीबी रहा, बाकी दोनों मैच भारत ने एकतरफा अंदाज में जीत लिए थे।