प्रदेश में सिर्फ दो ही चीज चल रही है, शिवराज सिंह की नौटंकी और कमलनाथ की गारंटी: कमलनाथ

भगवान आदि शंकराचार्य हम सब की आस्था का केंद्र हैं, पर काश शिवराज सिंह चौहान जी शंकराचार्य जी के जीवन और उनकी शिक्षाओं को आत्मसात करते तो ज्यादा बेहतर होता: सुरजेवाला

Updated: Sep 21, 2023, 03:37 PM IST

पाटन। विधानसभा चुनाव को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस के सात दिग्गज प्रदेश के सात अलग क्षेत्रों में जन आक्रोश यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं। इधर पीसीसी चीफ कमलनाथ और प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने गुरुवार को जबलपुर के पाटन में विशाल रैली को संबोधित किया। 

पाटन में कमलनाथ और रणदीप सुरजेवाला ने मीडिया से भी बातचीत की। प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कमलनाथ ने कहा कि, 'आज मेरा स्वास्थ्य ठीक नहीं था, गला खराब है और जुकाम है। गोली खाकर आपके बीच आया हूं। मैं शिवराज जी की तरह गोली देने नही आया हूं। आप का प्रेम मुझे आप सबके बीच लेकर आता है।'

पीसीसी चीफ ने आगे कहा, 'प्रदेश की सम्मानित जनता अब शिवराज सरकार को विदा करने के लिए केवल इंतजार ही नहीं कर रही, अब तड़प रही है। आज भाजपा के 4 चेहरे हो गए हैं। पहला है बनावटी भाजपा, दूसरा है मिलावटी भाजपा, तीसरा है दिखावटी भाजपा और चौथा है सजावटी भाजपा। आज प्रदेश में सिर्फ दो ही चीज चल रही है शिवराज सिंह की नौटंकी और कमलनाथ की गारंटी।'

यह भी पढ़ें: बांध से 35 नहीं 50 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया, ओंकारेश्वर बाढ़ पर दिग्विजय सिंह ने सीएम शिवराज को घेरा

कमलनाथ ने कहा, 'भाजपा ने प्रदेश को पूरे देश में घोटालों की राजधानी बना कर रख दिया है। हर रोज एक नया घोटाला सामने आ रहा है। पंचायत से लेकर ऊपर तक भ्रष्टाचार की एक व्यवस्था बनाई हुई है। आज भारतीय जनता पार्टी को यह कहते हुए शर्म आ रही है की शिवराज सिंह चौहान जी हमारे मुख्यमंत्री का चेहरा हैं। शिवराज जी की झूठ की मशीन डबल स्पीड से चल रही है, परंतु उनकी असलियत अब प्रदेश की जनता पहचान चुकी है।'

इस दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि, 'पाटन की उपजाऊ भूमि पर और संपूर्ण महाकौशल की पवित्र भूमि पर शिवराज सिंह चौहान और भाजपा ने ग्रहण लगा दिया है। भाजपा का डीएनए मजदूर और किसान विरोधी है। भगवान आदि शंकराचार्य की मूर्ति लगे इसका हम स्वागत करते हैं। शंकराचार्य हम सब की आस्था का केंद्र हैं।।पर काश शिवराज सिंह चौहान जी शंकराचार्य जी के जीवन और उनकी शिक्षाओं को आत्मसात करते तो ज्यादा बेहतर होता।'

सुरजेवाला ने आगे कहा, 'आदि शंकराचार्य प्रदेश का वो अन्नदाता किसान हैं जिसको उसकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिलता। प्रदेश का लगभग एक करोड़ बेरोजगार नौजवान भी आदि शंकराचार्य का रूप है जो आज अपने हाथों में रोजगार चाहता है।कल जबलपुर में जिन नौजवानों को पीटा गया उन पर वाटर कैनन चलाई गई शायद वह भी भगवान आदि शंकराचार्य के ही रूप हैं। आदि शंकराचार्य तो हमारे प्रदेश के आदिवासी भाइयों दलित भाइयों और पिछड़े वर्ग के भाइयों का नाम है जो लगातार शिवराज सरकार में अत्याचार झेल रहे हैं।'