सगे भाई ने ही खोला भाजपा विधायक के खिलाफ मोर्चा, भ्रष्टाचार की फाइल लेकर शिकायत करने पहुंचे

मध्य प्रदेश के पनागर से भाजपा विधायक सुशील इंदू तिवारी के कथित भ्रष्टाचार की फाईल लेकर उनके सगे भाई राजेन्द्र तिवारी भोपाल पहुंचे हैं, वे यहां ईओडब्ल्यू से अपने भाई द्वारा किए गए भ्रष्टाचार की शिकायत करेंगे।

Publish: Sep 12, 2023, 11:50 AM IST

भोपाल। विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के आरोपों से चौतरफा घिरी हुई है। कांग्रेस के बाद अब स्वयं भाजपा नेता भी ये कहने लगे हैं कि शिवराज सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। कोलारस से भाजपा के विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने विकास कार्यों में व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण ही पार्टी से इस्तीफा दे दिया। अब पनागर से भाजपा विधायक सुशील इंदू तिवारी के कथित भ्रष्टाचार की फाईल लेकर उनके सगे भाई राजेन्द्र तिवारी भोपाल पहुंचे हैं, वे यहां ईओडब्ल्यू से अपने भाई द्वारा किए गए भ्रष्टाचार की शिकायत करेंगे।

जबलपुर की पनागर विधानसभा से बीजेपी विधायक सुशील इंदु तिवारी के बड़े भाई राजेंद्र तिवारी ने अपने सगे भाई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि उनके छोटे भाई सुशील इंदु तिवारी ने अपने पद का जमकर दुरुपयोग किया है। इंदु तिवारी ने न सिर्फ विधायक पद बल्कि जबलपुर कृषि उपज मंडी के अध्यक्ष पद पर रहते हुए गरीबों को दिए जाने वाला राशन बाहरी राज्यों में बेचा है। राजेंद्र तिवारी के मुताबिक इसकी कई बार शिकायत की गई, लेकिन सुशील तिवारी ने अपने रसूख का इस्तेमाल करते हुए कार्रवाई रुकवा दी।

इतना ही नहीं राजेन्द्र तिवारी ने सुशील तिवारी की पत्नी माया तिवारी पर भी भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए है, इसके साथ ही उन्होंने तमाम सबूत होने का दावा किया है। राजेंद्र तिवारी ने इन दिनों भोपाल में ही रुके हुए हैं। उनका कहना है की भ्रष्टाचार के मामलें उजागर करने के बाद उन्हें अपने ही भाई विधायक सुशील तिवारी से जान का खतरा है। उन्होंने बताया कि वह न सिर्फ बीजेपी के दिग्गज नेताओं से अपने विधायक भाई की शिकायत करेंगे बल्कि कांग्रेस और EOW, लोकायुक्त के साथ ही उनकी फाइल हाईकोर्ट में भी देंगे।

राजेंद्र तिवारी का कहना है कि वह न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं, बीजेपी पार्टी से कोई बुराई नहीं है, लेकिन उनके भाई ने विधायक के पद पर रहते हुए लोगों पर इतना अत्याचार और भ्रष्टाचार किया है की यह न सिर्फ जबलपुर बल्कि पूरे प्रदेश के सबसे भ्रष्टाचारी विधायक है, भ्रष्टाचार की चरम सीमा पार कर दी है। राजेंद्र तिवारी की मानें तो विधायक पद के मद में उनका छोटा भाई इस कदर डूब चुका है कि वह सरकारी जमीन के साथ ही गरीबों की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। यही नहीं बल्कि विधायक सुशील इंदु तिवारी आम सड़क को जब मन होता है बंद कर देते हैं और लोगों को डराते-धमकाते हैं।

राजेंद्र तिवारी का आरोप है कृषि उपज मंडी के अध्यक्ष बनने के बाद 440 दुकानों में गरीबों का राशन उन्होंने गरीबों को देने की बजाए अन्य राज्यों में बेच दिया। PDS राशन का घोटाला किया, गरीब जनता को लूटते रहे, गरीबों का राशन अपने ट्रकों में भरकर आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र में बेचा है। बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने चार महीने पहले ही पनागर विधानसभा से विधायक सुशील इंदु तिवारी पर पीडीएस राशन घोटाले का आरोप लगाए थे। अब स्वयं उनके भाई ने भी मोर्चा खोल दिया है।