पाबंदी के बावजूद ताजिया निकालने पर समर्थकों के साथ पूर्व पार्षद गिरफ्तार

रविवार को इंदौर के खजराना में ताजिया निकाले जाने को लेकर स्थानीय पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसमें पूर्व पार्षद उस्मान पटेल भी शामिल हैं

Updated: Sep 01, 2020, 12:08 PM IST

Photo Courtesy : Facebook
Photo Courtesy : Facebook

इंदौर। इंदौर के खजराना में कोरोना और लॉकडाउन के मद्देनज़र ताजिया निकाले जाने पर प्रतिबन्ध था। बावजूद इसके पूर्व पार्षद उस्मान पटेल और उनके समर्थकों द्वारा ताजिया निकाला गया। जिसके बाद इंदौर पुलिस ने पूर्व पार्षद सहित 13 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ कुल 7 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। 

दरअसल पूरे प्रदेश में कोरोना महामारी को देखते हुए पर्व त्यौहार पर किसी भी तरह के सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी गई थी। राज्य सरकार ने अपने एक आदेश में यह स्पष्ट तौर पर कहा था कि किसी भी त्यौहार पर किसी प्रकार के सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाएगा। इसके लिए सरकार ने गणेश चतुर्थी और नवरात्रि पर बड़ी मूर्तियों की स्थापना पर भी रोक लगा दी थी। सरकार ने मुहर्रम के दौरान ताजिया निकाले जाने पर रोक लगायी थी। 

लेकिन रविवार को इंदौर में पूर्व पार्षद उस्मान पटेल के नेतृत्व में उनके समर्थकों ने खजराना में ताजिया निकाला। जिसके कारण वहां पर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई गयीं। घटना का वीडियो वायरल होने पर स्थानीय पुलिस ने ताजिया निकालने वाले पूर्व पार्षद उस्मान पटेल सहित 13 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार उस इलाके में कुल 3 ताजिये निकाले गए।  

 पूरे मामले में ताजिया निकालने वालों के आलावा ताजिया बनाने वाले व्यक्ति के ऊपर भी कार्रवाई की जाएगी। दरअसल तीन फ़ीट से ज़्यादा बड़ा ताजिया बनाने पर रोक लगाई गई थी। लेकिन खजराना में निकाला गया ताजिया तीन फ़ीट से ज़्यादा बड़ा पाया गया है। लिहाज़ा पुलिस ताजिया बनाने वाले पर भी कार्रवाई करने वाली है। 

क्यों निकाला गया ताजिया 
रविवार को इंदौर के खजराना में ताजिया निकाले जाने का एक बड़ा कारण सामने आया है।बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर यह मेसेज वायरल हुआ कि प्रशासन ने ताजिया निकाले जाने को लेकर छूट दे दी है। जिसके परिणामस्वरूप खजराना में ताजिया निकाला गया। फिलहाल इंदौर पुलिस की साइबर सेल मेसेज को वायरल करने वाले व्यक्ति को भी ढूंढ निकालने में जुटी हुई है।